राजधानी दिल्ली में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के बाद अब राजस्थान की राजनीति में भी भारी उबाल आ गया है. इस पूरे मामले को लेकर जयपुर की सड़कों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन के जवाब में राजस्थान बीजेपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) मुख्यालय का घेराव करने का फैसला किया है.
मदन राठौड़ के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन
भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस विरोध प्रदर्शन की जानकारी साझा की. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में बीजेपी के सांसद, विधायक, दिग्गज नेता और 1,000 से ज्यादा कार्यकर्ता चांदपोल स्थित कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने पहुंचे.
बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस नेता लगातार संवैधानिक पदों की मर्यादा तोड़ रहे हैं. दिल्ली में पीएम आवास के बाहर जिस तरह का आचरण किया गया, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.
24 घंटे में दो बड़े शक्ति प्रदर्शन
जयपुर में पिछले 24 घंटे से राजनीतिक हलचल काफी तेज है. मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी थीं.
कांग्रेस के इस कदम के ठीक अगले ही दिन बुधवार को बीजेपी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर दिया, जिससे शहर का माहौल बेहद गरमा गया है.
चांदपोल में सुरक्षा कड़ी, कई रास्तों पर रूट डायवर्जन
दोनों प्रमुख दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी भी संभावित टकराव को रोकने के लिए जयपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. चांदपोल, एमआई रोड और सी-स्कीम जैसे मुख्य इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांग्रेस दफ्तर की ओर जाने वाले मुख्य रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है. पुलिस ने आम जनता की सहूलियत के लिए ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए हैं और कई रास्तों का मार्ग बदल दिया गया है. जयपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है.
ADVERTISEMENT


