राजस्थान के चाकसू में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसी कार, मध्य प्रदेश के 5 लोगों की मौत

राजस्थान के चाकसू में नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. मध्य प्रदेश से जयपुर आ रही एक कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें एक महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई.

NewsTak

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Chaksu Jaipur accident: जयपुर जिले के चाकसू में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-52) पर एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत 5 लोगों की जान चली गई है. बताया जा रहा है कि सभी मृतक मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और जयपुर की ओर जा रहे थे.

Read more!

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह के वक्त टिगरिया मोड़ के पास हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चला रहे ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण कार अनकंट्रोल हो गई और वह सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक महिला और तीन पुरुषों ने दम तोड़ दिया.

अस्पताल ले जाते समय पांचवीं मौत

चाकसू SHO मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल था. उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सीडेंट रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची. शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है.

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-52 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. पुलिस अब इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

    follow google news