'इस उम्र में सरपंच बनकर क्या करोगे पापा?' बेटे-बहू की ये बात सुनकर भड़का पिता, उठाया ऐसा खौफनाक कदम, सहम उठा चूरू

विजय चौहान

• 12:50 PM • 14 Oct 2026

चूरू जिले के चंगोई गांव में सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद चल रहा था. आरोप है कि मंगलवार रात रामचंद्र जाट ने अपने बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा को बोलेरो से कुचल दिया. दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है.

churu
churu
Google CTA

राजस्थान के चूरू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. तारानगर तहसील के चंगोई गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर एक परिवार में ऐसा विवाद हुआ कि दो लोगों की जान चली गई. आरोप है कि 60 वर्षीय पिता ने अपने इकलौते बेटे और बहू को बोलेरो गाड़ी से कुचल दिया. इस घटना में दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

Read more!

सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था पिता

तारानगर थाने के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार के मुताबिक, चंगोई गांव निवासी रामचंद्र जाट की गांव में ही धर्मकांटे की दुकान है. वह आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद का चुनाव लड़ना चाहता था. लेकिन उसका 40 वर्षीय बेटा रविंद्र और 35 वर्षीय बहू महिंद्रा इसके पक्ष में नहीं थे.

परिवार के लोग रामचंद्र को चुनाव नहीं लड़ने के लिए समझाते थे. इसी बात को लेकर घर में कई दिनों से विवाद चल रहा था. जब भी चुनाव लड़ने की बात होती, परिवार में झगड़ा शुरू हो जाता था.

मंगलवार रात फिर हुआ विवाद

मंगलवार रात को भी पिता और बेटे के बीच चुनाव लड़ने को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर रामचंद्र और रविंद्र घर से निकलकर धर्मकांटे पर चले गए. कुछ देर बाद रविंद्र की पत्नी महिंद्रा भी वहां पहुंच गई.

धर्मकांटे पर तीनों के बीच एक बार फिर बहस हुई. इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा वहां से अपने घर लौटने लगे. इसी दौरान आरोप है कि रामचंद्र अपनी बोलेरो गाड़ी लेकर पीछे से आया और दोनों को टक्कर मारकर कुचल दिया. दोनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी.

अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाए गए शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को तारानगर के सरकारी अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया. मामले में आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है. रविंद्र गांव में ही ई-मित्र की दुकान चलाता था. उसकी पत्नी महिंद्रा गृहिणी थी. दोनों की 11 साल की एक बेटी है. इस घटना में बच्ची ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया.

16 नवंबर को होना है पंचायत चुनाव के लिए मतदान

जानकारी के मुताबिक, तारानगर में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत चुनाव प्रक्रिया चल रही है. पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होना है. चंगोई गांव को नई ग्राम पंचायत का दर्जा मिला है. इसके बाद से ही रामचंद्र सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. परिवार के लोग उसे बार-बार समझाते थे कि इस उम्र में चुनाव लड़ने की जरूरत नहीं है. लेकिन चुनाव लड़ने की उसकी जिद के कारण घर में लगातार विवाद हो रहा था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.