राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ से एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिवहन विभाग के एक इंस्पेक्टर द्वारा एक ट्रक ड्राइवर के साथ सरेआम मारपीट करने का मामला सामने आया है.
ADVERTISEMENT
सरेआम मारपीट और 'आंख' फोड़ने का आरोप
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक हाईवे के किनारे खड़ा है और कुछ लोग बहस कर रहे हैं. इसी दौरान परिवहन विभाग का कथित इंस्पेक्टर ड्राइवर के साथ हाथापाई शुरू कर देता है. आरोप है कि इंस्पेक्टर ने ड्राइवर के सिर और आंख के पास जोरदार वार किया, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है. वीडियो में ड्राइवर दर्द से कराहता हुआ दिख रहा है और मौके पर मौजूद लोग कह रहे हैं, "साहब, आपने गरीब की आंख फोड़ दी."
लाइसेंस मांगने पर हुआ विवाद?
वीडियो में इंस्पेक्टर और ड्राइवर के बीच लाइसेंस और मोबाइल को लेकर तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है. ड्राइवर का कहना है कि उसका लाइसेंस मोबाइल में है, जबकि अधिकारी उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में डालने की कोशिश कर रहे थे.
हनुमान बेनीवाल ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस घटना ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. बेनीवाल ने ट्वीट कर कहा कि अगर वीडियो सही है, तो संबंधित अधिकारियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता में गलत संदेश जाएगा. फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या रक्षक ही भक्षक बनकर गरीबों पर जुल्म ढाते रहेंगे?
Video: बुढ़ापे में अजमेर की सड़कों पर बाइक लेकर निकली दादी अम्मा, पीछे दोस्तों को बिठाया और फिर...
ADVERTISEMENT

