Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में आगामी शहरी निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चुनावों से ठीक पहले राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बड़ा फैसला लेते हुए युवाओं पर दांव खेलने का ऐलान किया है. जयपुर स्थित पार्टी मुख्यालय में चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान डोटासरा ने साफ किया कि इस बार निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस 50 प्रतिशत टिकट 50 साल से कम उम्र के उम्मीदवारों को देगी.
ADVERTISEMENT
स्थानीय पकड़ पर रहेगा जोर
डोटासरा ने टिकट की दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि सिर्फ आवेदन करने या बार-बार वार्ड बदलने से टिकट की गारंटी नहीं मिलेगी. टिकट बंटवारे में स्थानीय समीकरणों, क्षेत्रीय परिस्थितियों और संगठन की राय को प्राथमिकता दी जाएगी. यानी मौका उन्हीं चेहरों को मिलेगा, जो अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं और संगठन की कसौटी पर खरे उतरते हैं.
चुनावों का संभावित कार्यक्रम
राज्य चुनाव आयोग की ओर से संकेत मिले हैं कि पंचायती राज चुनावों की घोषणा 23 सितंबर के आसपास हो सकती है, जिसके तहत 13 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच मतदान और 12 नवंबर तक नतीजे आने की संभावना है. वहीं, शहरी निकाय चुनावों की घोषणा 17 अगस्त को हो सकती है, जिसके तहत सितंबर में मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है. हालांकि, अंतिम तिथियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
कांग्रेस के इस कदम से जहां युवाओं में नया उत्साह देखा जा रहा है, वहीं देखना होगा कि नई ऊर्जा और नए चेहरों का यह दांव चुनावी मैदान में कितना कारगर साबित होता है.
ADVERTISEMENT


