'ऐसी भयानक सजा दूंगा कि मौत भी डर जाएगी, पीठ पीछे आशिकी करती थी..' धौलपुर में हैवान पति ने ये क्या कर दिया

धौलपुर के सैपऊ इलाके में चरित्र पर शक के चलते पति दिनेश ने अपनी पत्नी मथुरा की सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी और फरार हो गया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

अमित तिवारी

follow google news

राजस्थान के धौलपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां सैपऊ थाना इलाके के भूरापुरा गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. चरित्र पर शक के चलते सनक में आए पति ने अपनी पत्नी को सरिए और लाठी-डंडों से तब तक पीटा, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई. 15 साल पुराने इस रिश्ते का अंत इतना खौफनाक होगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान 35 वर्षीय मथुरा के रूप में हुई है, जिसकी शादी 2011 में दिनेश कुशवाहा के साथ हुई थी. दोनों के तीन बच्चे भी हैं. परिजनों के मुताबिक, पिछले 3 साल से दिनेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था. इस बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था और दिनेश अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. कई बार दोनों परिवारों ने बैठकर समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन दिनेश की सनक कम नहीं हुई.

खौफनाक वारदात की रात

15 अप्रैल की रात दिनेश शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा. उस समय मथुरा चारपाई पर सो रही थी. दिनेश ने उसे उठाया और फिर से चरित्र को लेकर विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि दिनेश ने घर में रखे लाठी-डंडों से मथुरा की पिटाई शुरू कर दी. इतने से भी मन नहीं भरा तो उसने लोहे का सरिया उठाया और मथुरा पर ताबड़तोड़ वार किए.

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुँची. पुलिस को मथुरा लहूलुहान और अचेत अवस्था में घर में मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति दिनेश अपने तीन मासूम बच्चों और पत्नी के शव को छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दो टीमों का गठन किया गया है जो संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

बेसहारा हुए तीन मासूम

इस जघन्य हत्याकांड ने न केवल एक महिला की जान ली, बल्कि तीन छोटे बच्चों को भी अनाथ जैसा बना दिया है. पिता कातिल बनकर फरार है और मां अब इस दुनिया में नहीं रही. मृतका की छोटी बहन गुड़िया ने बताया कि दिनेश अक्सर कहता था कि वह मथुरा को ऐसी भयानक मौत देगा कि मौत भी डर जाएगी, और अफसोस कि उसने अपनी इस घिनौनी धमकी को सच कर दिखाया.


 

    follow google news