राजस्थान के खैरथल जिले से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही हमसफर की बेरहमी से हत्या कर दी. भिवाड़ी पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मृतका तीन महीने की गर्भवती थी, लेकिन आरोपी ने अपने ही अजन्मे बच्चे की भी परवाह नहीं की.
ADVERTISEMENT
गोधान की पहाड़ियों में मिला था शव
वारदात का खुलासा तब हुआ जब 21 मार्च 2026 को गोधान की पहाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला. पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की. मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले नदीम की पत्नी गुलफिशा के रूप में हुई. पुलिस ने जब तकनीकी आधार पर नदीम को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
लव मैरिज और फिर खूनी अंत
नदीम और गुलफिशा की मुलाकात करीब 5 साल पहले हैदराबाद की एक कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी. दोनों ने प्रेम विवाह किया था. आरोपी नदीम ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही गुलफिशा बीमार रहने लगी थी और काफी जिद्दी स्वभाव की थी. वह नदीम के परिवार के साथ रहने को तैयार नहीं थी और उसने मध्य प्रदेश के सागर जिले में नदीम के खिलाफ दहेज का मामला भी दर्ज कराया था.
नदीम ने कबूल किया कि ईद के दिन हुए झगड़े के बाद उसने गुलफिशा को रास्ते से हटाने की साजिश रची. वह उसे घुमाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर गुलफिशा के परिजनों का कहना है कि नदीम शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था. परिजनों के मुताबिक, नदीम अक्सर गुलफिशा को छोड़कर फरार हो जाता था और उसके साथ मारपीट करता था. उन्होंने यह भी बताया कि गुलफिशा गर्भवती थी, और इस क्रूर हत्या ने एक मासूम जान को दुनिया में आने से पहले ही खत्म कर दिया.
ये भी पढ़ें: खेतों से ओलंपिक तक का सफर, राजस्थान के जालौर का 'नीरज चोपड़ा' सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
ADVERTISEMENT


