Rajasthan Crime: प्रहलाद गुंजल के भतीजे ओम गुंजल पर महिला प्रोफेसर के घर में शराब के नशे में घुसने का आरोप

कोटा विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के भतीजे ओम गुंजल पर घर में घुसकर धमकाने और पीछा करने का केस दर्ज कराया है.

Rajasthan News
Rajasthan News

चेतन गुर्जर

follow google news

राजस्थान के कोटा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोटा विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने पूर्व पार्षद और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के भतीजे ओम गुंजल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला प्रोफेसर का आरोप है कि ओम गुंजल शराब के नशे में उनके घर में घुस आता है, उन्हें धमकाता है और उनका पीछा करता है. इस मामले में अनंतपुरा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Read more!

7 साल पुरानी पहचान बनी जी का जंजाल

रिपोर्ट के मुताबिक, महिला प्रोफेसर और आरोपी ओम गुंजल एक-दूसरे को पिछले 7 सालों से जानते हैं. ओम गुंजल ने इसी विश्वविद्यालय से एमबीए किया था और वर्तमान में वह उसी महिला प्रोफेसर के सुपरविजन में पीएचडी कर रहा है. महिला का आरोप है कि पिछले कुछ समय से ओम गुंजल की हरकतें बदल गई हैं. वह अक्सर शराब के नशे में उनके घर पहुँच जाता है और बार-बार घंटी बजाकर उन्हें परेशान करता है.

डर के साये में प्रोफेसर, CCTV में कैद हुई हरकतें

अकेली रहने वाली महिला प्रोफेसर इस कदर डरी हुई हैं कि उन्होंने अपने घर और फ्लोर पर सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए हैं. पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. अनंतपुरा थाने के सीआई रमेश कविया के अनुसार, मामले में एएसआई प्रताप सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

प्रहलाद गुंजल ने झाड़ा पल्ला, बोले- "कानून अपना काम करेगा"

इस पूरे मामले पर जब राजस्थान तक ने पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल से बात की, तो उन्होंने अपने भतीजे की हरकतों से साफ किनारा कर लिया. गुंजल ने कहा, "जिसने अपराध किया है, उसे सजा मिलनी चाहिए. कानून अपना काम करेगा, मैं इसके लिए जिम्मेदार नहीं हूँ." उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि जब भगवान कृष्ण अपने बेटे साम्ब को नहीं संभाल पाए, तो वे क्या कर सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

मामला दर्ज हुए दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं. क्या आरोपी का सियासी कनेक्शन पुलिस की जांच को प्रभावित कर रहा है? एक महिला प्रोफेसर जो डर के साये में जीने को मजबूर है, उसे इंसाफ के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: Rajasthan Politics: छोटू सिंह रावणा ने विधायक रवींद्र सिंह भाटी के खिलाफ खोला मोर्चा, बोले- 'घर-घर जाकर बजाऊंगा बैंड'

    follow google news