राजस्थान के डीग जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहाँ गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एक पुराने और खुले हुए सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय 13 छात्राएं अचानक उसमें गिर गईं. इस हादसे में 17 साल की एक छात्रा की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य छात्राएं घायल हैं. पुलिस ने इस मामले में मदरसा स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT
सफाई के दौरान बिगड़ा संतुलन
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मदरसा परिसर में बने एक बंद पड़े सेप्टिक टैंक के पास हुआ. इस टैंक में लंबे समय से पानी और गंदगी जमा थी. हॉस्टल में रहने वाली 15 से 18 वर्ष की छात्राओं ने टैंक की सफाई शुरू की थी. इसके लिए उन्होंने टैंक के ऊपर एक सीढ़ी लगाई थी. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और सभी छात्राएं एक-एक करके गहरे टैंक में जा गिरीं.
मचा हड़कंप, एक छात्रा ने गंवाई जान
हादसे के बाद परिसर में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी लड़कियों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत सीकरी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हरियाणा की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा रोहिन को मृत घोषित कर दिया.
अन्य छात्राओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया. डीग के एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के मुताबिक, इलाज के बाद 9 छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी लड़कियों का उपचार अभी जारी है.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने इस पूरी घटना में मदरसा प्रबंधन की गंभीर लापरवाही मानी है. स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस अब इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है कि आखिर छात्राओं से सेप्टिक टैंक की सफाई क्यों कराई जा रही थी और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं थे.
ADVERTISEMENT


