Rajasthan Weather: जयपुर से जैसलमेर तक आग उगल रहा मौसम, जानिए 14 मई का पूरा अपडेट

राजस्थान में 14 मई को भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 48.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर समेत कई जिलों में Severe Heatwave Alert जारी है.

rajasthan weather
rajasthan weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. 14 मई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप, लू और गर्म रातों से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग जयपुर केंद्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और फलोदी जैसे इलाकों में तीव्र हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी गर्मी का असर तेज रहेगा, हालांकि 14 मई को पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.  

Read more!

बीते 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मेघगर्जन और तेज झोंकेदार हवाएं भी चलीं. इसके बावजूद गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ. सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा. वहीं न्यूनतम तापमान चूरू में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में तीव्र हीटवेव और ऊष्ण रात्रि यानी रात में भी तेज गर्मी बनी रहेगी.  

14 मई को कैसा रहेगा मौसम

14 मई के लिए मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. बारिश की संभावना बेहद कम है. हालांकि तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.  

जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर में 14 मई को भी गंभीर गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है. बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और फलोदी में ‘अति ऊष्ण लहर’ यानी Severe Heatwave की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में दिन का तापमान 46 से 48 डिग्री के आसपास रह सकता है. बाड़मेर 48.3 डिग्री, फलोदी 46.4 डिग्री, जैसलमेर 45.8 डिग्री, जोधपुर 44.6 डिग्री और बीकानेर 45 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे.  

कहां कितना तापमान!

जयपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया. अजमेर में अधिकतम 42.7 डिग्री, कोटा में 44.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.6 डिग्री, अलवर में 41.4 डिग्री, सीकर में 42.5 डिग्री और झुंझुनूं में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. इन जिलों में भी दिन के समय तेज धूप और लू लोगों को परेशान कर सकती है.  

कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और सवाई माधोपुर जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी हीटवेव और गर्म रातों का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने वालों में हीट स्ट्रोक का खतरा अधिक बताया गया है.  

मौसम विभाग ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी जैसे पेय पदार्थ लेने और छायादार स्थानों में रहने की सलाह दी है. किसानों को सुबह या शाम के समय सिंचाई करने और पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए उचित इंतजाम करने को कहा गया है. फसलों और सब्जियों पर भी हीट स्ट्रेस का असर पड़ सकता है. 

    follow google news