राजस्थान सरकार ने मंगलवार की बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 65 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से लेकर कई जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं. राज्य की चर्चित IAS अधिकारी टीना डाबी और उनकी बहन रिया डाबी का नाम भी इस ट्रांसफर सूची में शामिल है.
ADVERTISEMENT
अब CMO में काम करेंगी नई टीम
CMO में कई नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें जयपुर के जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र सोनी को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है. पहले से CMO में तैनात विशिष्ट सचिव संदेश नायक को अब जयपुर का नया जिला कलेक्टर बनाया गया है. विशिष्ट सचिव अरविंद कुमार पोसवाल को हाउसिंग बोर्ड का आयुक्त बनाया गया है.
इसके साथ ही CMO में तीन नए OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) की नियुक्ति की गई है. किशनगढ़ SDM रजत यादव, भीलवाड़ा SDM अक्षत कुमार सिंह और वित्त विभाग की संयुक्त सचिव अमिता शर्मा को CMO में OSD के पद पर तैनात किया गया है. डीग के कलेक्टर उत्सव कौशल को CMO में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है.
मंत्री से विवाद के बाद मुकुल शर्मा CMO पहुंचे
सीकर के जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा को CMO में विशिष्ट सचिव के पद पर भेजा गया है. बता दें कि पिछले साल दिसंबर में एक सेवा शिविर के दौरान उनकी वन मंत्री संजय शर्मा से कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर तीखी बहस हो गई थी. उस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था और राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा रही थी. कांग्रेस ने इस विवाद पर सरकार पर निशाना भी साधा था.
टीना डाबी बाड़मेर से टोंक रवाना, रिया CMO में
IAS अधिकारी और चर्चित प्रशासक टीना डाबी का तबादला बाड़मेर कलेक्टर के पद से हटाकर टोंक का जिला कलेक्टर बनाया गया है. उनकी बहन रिया डाबी उदयपुर जिला परिषद की CEO थीं, अब उन्हें CMO में OSD नियुक्त किया गया है.
26 जिलों में नए कलेक्टर तैनात
तबादला लिस्ट में 26 जिलों के कलेक्टर एक साथ बदले गए हैं. जयपुर में संदेश नायक, टोंक में टीना डाबी, उदयपुर में गौरव अग्रवाल, बीकानेर में निशांत जैन और जोधपुर में आलोक रंजन को नई जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा करौली में अक्षय गोदारा, जैसलमेर में अनुपमा जोरवाल, बाड़मेर में चिनमयी गोपाल, प्रतापगढ़ में शुभम चौधरी और सीकर में आशीष मोदी नए कलेक्टर होंगे.
फलौदी में अंकित कुमार सिंह, बारां में बाल मुकुंद असावा, श्रीगंगानगर में अमित यादव, चित्तौड़गढ़ में मंजू, पाली में रविंद्र गोस्वामी और सिरोही में रोहिताश्व सिंह तोमर को तैनात किया गया है. बूंदी में हरफूल सिंह यादव, डीडवाना-कुचामन में अवधेश मीणा, नागौर में देवेंद्र कुमार, दौसा में सौम्या झा, खैरथल-तिजारा में अतुल प्रकाश, सलूंबर में मुहम्मद जुनैद पीपी, डूंगरपुर में देशल दान, डीग में मयंक मनीष और कोटपूतली-बहरोड़ में अपर्णा गुप्ता को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अन्य बड़े बदलाव
जनजाति क्षेत्रीय विकास (TAD) आयुक्त केएल स्वामी को जोधपुर का संभागीय आयुक्त बनाया गया है. आबकारी आयुक्त नकाते शिवप्रसाद मदन को अक्षय ऊर्जा निगम का एमडी नियुक्त किया गया है. वहीं उदयपुर के जिला कलेक्टर नमित मेहता को अब आबकारी आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है.
ADVERTISEMENT


