live blog active
लाइव

LIVE: कोटा में BJP का मेयर, अनुसुइया गोस्वामी जीतीं; अब जयपुर-जोधपुर पर नजर

न्यूज तक डेस्क

25 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 25 2026 12:32 PM)

Rajasthan Mayor Election 2026 Live Updates: कोटा में बीजेपी की अनसुइया गोस्वामी मेयर चुनी गई हैं. उन्हें 100 में से 65 पार्षदों का वोट मिला. अब जयपुर और जोधपुर नगर निगम के मेयर चुनाव के नतीजों पर नजर है. वोटिंग, हंगामे, काउंटिंग और रिजल्ट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट यहां पढ़ें.

Google CTA
Rajasthan Mayor Election 2026 Results
Rajasthan Mayor Election 2026 Results

Rajasthan Mayor Election 2026 Live: राजस्थान के तीन प्रमुख शहरों जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में आज नए मेयर के लिए मतदान चल रहा है, हालांकि, कोटा नगर निगम का रिजल्ट सामने आ चुका है. बीजेपी की अनुसुइया गोस्वामी मेयर चुनी गई हैं. उन्हें कुल 100 पार्षदों के वोट में से 65 वोट मिले. अब जयपुर और जोधपुर नगर निगम के मेयर चुनाव के नतीजों का इंतजार है.

Read more!

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने मेयर और अध्यक्ष चुनाव के लिए 25 सितंबर की तारीख तय की थी. अब सभी की जयपुर और जोधपुर के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं.

पल-पल के अपडेट के लिए NewsTak के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें...
 

  • 12:32 PM • 25 Sep 2026

    कोटा में बीजेपी ने जीता मेयर चुनाव

    कोटा नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है. बीजेपी की प्रत्याशी अनसुइया गोस्वामी कोटा नगर निगम की नई मेयर चुनी गई हैं. मेयर चुनाव में कुल 100 पार्षदों ने मतदान किया. इनमें से 65 वोट बीजेपी की अनसुइया गोस्वामी के पक्ष में पड़े. वोटों की गिनती पूरी होने के बाद उनके नाम का ऐलान किया गया.

  • 11:38 AM • 25 Sep 2026

    जयपुर मेयर चुनाव को लेकर हंगामा

    जयपुर में मेयर पद के चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर हंगामा हो गया. कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई. कांग्रेस विधायकों को पुलिस द्वारा रोके जाने पर नेता नाराज हो गए. इसके विरोध में कांग्रेस विधायक मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के पास बीजेपी नेताओं को बैठने की अनुमति दी गई है. इसी को लेकर मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा.

  • 11:09 AM • 25 Sep 2026

    जयपुर मेयर चुनाव के लिए मतदान शुरू

    जयपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए लालकोठी मुख्यालय पर मतदान शुरू हो गया है. सबसे पहले बीजेपी प्रत्याशी सुनील कोठारी ने वोट डाला. इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर ने मतदान किया. मेयर चुनाव में जयपुर नगर निगम के चुने हुए 150 पार्षद मतदान करेंगे. वोटिंग दोपहर 2 बजे तक चलेगी. इसके बाद मतगणना शुरू होगी और करीब एक घंटे में चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद है.

  • 11:03 AM • 25 Sep 2026

    कोटा की सुकेत नगर पालिका को आज मिलेगा पहला चेयरमैन

    कोटा जिले की नवगठित सुकेत नगर पालिका में इतिहास रचा जा रहा है. यहां पहली बार अध्यक्ष पद के लिए वोट डाले जा रहे हैं. निकाय के गठन के बाद यह पहला मौका है जब पार्षदों द्वारा पहला चेयरमैन चुना जाएगा. यहां का मुकाबला काफी दिलचस्प है.

    अगर नंबर देखें तो कांग्रेस के पास 11 पार्षद (बहुमत से 2 कम), बीजेपी के 10 पार्षद (बहुमत से 3 कम) और 04 निर्दलीय पार्षद है. यहां बहुमत का आंकड़ा 13 है. दोनों ही प्रमुख दलों की नजरें 4 निर्दलीय पार्षदों पर टिकी हैं. ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अध्यक्ष तय करने में सबसे अहम साबित होने वाली है.

  • 10:54 AM • 25 Sep 2026

    कोटा में बीजेपी का बोर्ड बनना लगभग तय

    कोटा नगर निगम में महापौर पद के लिए बीजेपी प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी और कांग्रेस की सुनीता सुमन के बीच सीधा मुकाबला है. 100 वार्डों वाले कोटा निगम में बीजेपी के 57 पार्षद हैं. दो निर्दलीय पार्षद भी बीजेपी के समर्थन में आ चुके हैं. इस तरह बीजेपी के पास 59 पार्षदों का समर्थन बताया जा रहा है. वहीं कांग्रेस के पास 39 पार्षद हैं. बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस के कुछ पार्षद भी उसके संपर्क में हैं. हालांकि कांग्रेस आखिरी समय तक अपने उम्मीदवार की जीत का दावा कर रही है.

  • 10:52 AM • 25 Sep 2026

    जोधपुर में कांटे का मुकाबला

    जोधपुर नगर निगम में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है. यहां बीजेपी के प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह सोलंकी आमने-सामने हैं. बीजेपी के पास मूल रूप से 45 पार्षद थे, लेकिन 6 निर्दलीयों के समर्थन के बाद यह संख्या 51 हो गई है, जो स्पष्ट बहुमत है. वहीं कांग्रेस (44 पार्षद) भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा कर रही है. मतदान के लिए दोनों दलों के पार्षदों को कड़ी सुरक्षा के बीच बसों से नगर निगम लाया गया है. मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात की गई है.

  • 10:50 AM • 25 Sep 2026

    जयपुर में सुनील कोठारी Vs सुनीता मावर

    जयपुर नगर निगम में कुल 150 वार्ड हैं, जहाँ बहुमत के लिए 76 वोटों की दरकार है. वर्तमान में बीजेपी के पास 78 पार्षद हैं, जो बहुमत के आंकड़े से दो अधिक हैं. वहीं कांग्रेस के 57 और 15 निर्दलीय पार्षद हैं. बीजेपी ने वार्ड 112 से पार्षद सुनील कोठारी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की तरफ से वार्ड 118 की पार्षद सुनीता मावर मैदान में हैं. ज्यादातर निर्दलीय पार्षदों का समर्थन बीजेपी को मिलता दिख रहा है, जिससे सुनील कोठारी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी को बीजेपी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की आस है.