राजस्थान के मंत्री गौतम दक का पुलिसवालों को गाली देने का कथित ऑडियो वायरल, SHO पर भी भड़के..केस दर्ज

Rajasthan Gautam Dak Audio Viral: राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में मंत्री जी डूंगला थाने के पुलिसकर्मियों और एसएचओ को सरेआम मां-बहन की गालियां और नौकरी खाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं.

rajasthan
rajasthan

मोहित गुर्जर

follow google news

Rajasthan News: राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक पर पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं. इस पूरे मामले का एक ऑडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिसने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. अब इस मामले में मंत्री गौतम दक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो गया है. 

Read more!

कार्यकर्ता से वसूली की शिकायत पर भड़के मंत्री

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाने का बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि मंत्री गौतम दक अचानक डूंगला थाने पहुंचे थे. वे अपने किसी परिचित या कार्यकर्ता से पुलिस द्वारा कथित तौर पर पैसों की मांग (वसूली) किए जाने की शिकायत से बेहद नाराज थे. थाने पहुंचकर उन्होंने एसएचओ शैतान सिंह और दो कांस्टेबलों (लक्ष्मी नारायण और विष्णु) को बाहर बुलाया और उन पर बरस पड़े.

ऑडियो में जमकर दी गालियां

वायरल हो रहे ऑडियो में मंत्री का बेहद आक्रामक और गुस्साया हुआ अंदाज सामने आया है. ऑडियो में कथित तौर पर मंत्री पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'नौकरी खराब करना मुझे भी आता है... यही इलाज करेंगे साले का.' इसके साथ ही वे पुलिसकर्मियों को बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित गालियां भी दे रहे हैं. वे पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते दिख रहे हैं कि उनके इलाके में किसी भी आम आदमी को फालतू परेशान न किया जाए.

मंत्री गौतम दक ने दी सफाई, कहा- 'यह मेरी आवाज नहीं'

इस मामले के तूल पकड़ने के बाद सहकारिता मंत्री गौतम दक ने अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने इस वायरल ऑडियो में अपनी आवाज होने से साफ इनकार कर दिया है. मंत्री का कहना है कि यह आवाज उनकी नहीं है और राजनीतिक रूप से उन्हें बदनाम करने के मकसद से इस ऑडियो को वायरल किया जा रहा है. हालांकि, इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

विपक्ष उठा सकता है कानून व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद राजस्थान में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि मुख्य विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर भजनलाल सरकार को घेरने की तैयारी में है. विपक्ष का कहना है कि अगर खुद सरकार के मंत्री ही कानून के रखवालों के साथ इस तरह का व्यवहार और गाली-गलौज करेंगे, तो राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक स्वतंत्रता का क्या होगा. फिलहाल इस पूरे मामले पर सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

 

    follow google news