राजस्थान के पाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा एक पत्रकार के सवाल पर बुरी तरह भड़क गए. बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया से होने वाली मौतों और पानी की किल्लत को लेकर जब पत्रकार ने सवाल पूछा, तो मंत्री जी ने अपना आपा खो दिया. उन्होंने गुस्से में पत्रकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर तुम्हारे पास आंकड़े हैं, तो नाम-गांव बताओ, मैं अभी अपना दौरा रद्द करके तुम्हारे साथ चलने को तैयार हूं. इस बहसबाजी के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमकर हंगामा हुआ.
ADVERTISEMENT
पत्रकार के सवाल पर भड़के मंत्री
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक स्थानीय पत्रकार ने मंत्री से बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया से होने वाली मौतों और पानी की बदइंतजामी को लेकर सवाल किया. पत्रकार ने कहा कि सत्ता में बैठकर आश्वासन देना बहुत आसान होता है, लेकिन जमीन पर जनता भुगतती है और मरती है. इस बात पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा लाल-पीले हो गए.
दी सरेआम चुनौती
मंत्री जी ने पत्रकार पर पलटवार करते हुए कहा, "आरोप लगाना बहुत आसान है, लेकिन उसे साबित करना मुश्किल." उन्होंने कैमरे के सामने पत्रकार को खुली चुनौती देते हुए कहा, "अगर आपके पास किसी की मौत का आंकड़ा है, तो मुझे अभी उस व्यक्ति का नाम और गांव बताइए. मैं अपना आज का पूरा कार्यक्रम रद्द करके आपके साथ अभी चलने के लिए तैयार हूँ."
मीडिया को बताया नकारात्मक
बहस के दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मीडिया पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आप लोगों की नकारात्मकता ही व्यवस्था को खराब कर रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाली में सकारात्मक लोग बहुत कम हैं और नकारात्मक बातें करने वाले लोग ज्यादा भरे हुए हैं. इस तीखी नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT


