राजस्थान में मंत्रियों की 'गर्मी', एक ने कांस्टेबल को सरेआम डांटा, दूसरे पर 17 गालियां देने का आरोप

राजस्थान में इस वक्त मौसम के पारे के साथ-साथ मंत्रियों का सियासी पारा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है. प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों की 'कुर्सी की गर्मी' चर्चा का विषय बनी हुई है.

rajasthan
rajasthan

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में मंत्रियों का एक अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है. पहली घटना सीकर से सामने आई है, जहां सूबे के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा एक बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे. बाहर तापमान 45 डिग्री के पार था. मंत्री जी के आने की आहट सुनकर उनके काफिले की स्कॉट गाड़ी के ड्राइवर कांस्टेबल हरीश ने गाड़ी स्टार्ट कर एसी ऑन कर दिया. इस बात पर मंत्री जी इतने तमतमा गए कि उन्होंने सरेआम कांस्टेबल को डांटना शुरू कर दिया.

Read more!

मंत्री संजय शर्मा ने कांस्टेबल से कहा, "डीजल बचाने का आह्वान किया जा रहा है और आप अफसर की तरह गाड़ी में एसी चलाकर बैठे हो? इतने बड़े आदमी हो गए हो क्या?" उन्होंने कांस्टेबल का नाम नोट करने के भी निर्देश दिए. हालांकि, सोशल मीडिया पर लोग चुटकी ले रहे हैं कि खुद मंत्री जी जिस कमरे में बैठक कर रहे थे, वहां 6-6 एसी और 12 पंखे चल रहे थे, लेकिन धूप में ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल के लिए उन्हें डीजल की चिंता सताने लगी.

दूसरे मंत्री पर पुलिसवाले को गाली देने का आरोप

दूसरी घटना सहकारिता मंत्री गौतम दक से जुड़ी है. आरोप है कि मंत्री जी के किसी कार्यकर्ता के घर पुलिस पहुंची थी और पैसे की मांग की गई थी. इससे नाराज होकर मंत्री गौतम दक सीधे चित्तौड़गढ़ के डोंगला थाने पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने वहां सबके सामने एक कांस्टेबल को जमकर गालियां दीं.

सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मंत्री जी ने 3 मिनट में लगातार 17 गालियां दी हैं और पुलिसवाले की नौकरी खराब करने की धमकी दी है.

हालांकि, विवाद बढ़ता देख मंत्री गौतम दक ने सफाई देते हुए कहा है कि तकनीक का दुरुपयोग करके इस ऑडियो को एडिट किया गया है और वायरल ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है. फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस महकमे और सियासत में भारी बवाल मचा हुआ है.

 

    follow google news