Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में इस दिन एंट्री करेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी!

राजस्थान में 2-3 जुलाई को मानसून की एंट्री होने की प्रबल संभावना है. जयपुर, कोटा, उदयपुर समेत कई संभागों में 2 जुलाई से तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. बीते 24 घंटों में धौलपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई, जबकि श्रीगंगानगर 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाका रहा.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान के तपते मौसम से परेशान लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आ गई है. प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश करने की परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी 2 और 3 जुलाई को मानसून राज्य के पूर्वी भागों में पूरी तरह दाखिल हो सकता है. इसी के साथ 2 जुलाई से ही राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

Read more!

2 जुलाई को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

राजस्थान में 2 जुलाई से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी और बारिश की रफ्तार तेज होगी. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोकेदार हवाएं चलने की आशंका है. इसके साथ ही बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली चमकने की गतिविधियां भी बढ़ेंगी. आज भी दोपहर बाद कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभागों में तेज हवाओं के साथ पानी बरसने की संभावना जताई गई है.

आगामी दिनों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम के बदलते तंत्र के कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं तेजी से सक्रिय हो रही हैं. इसके प्रभाव से 3 से 6 जुलाई के बीच राज्य में बारिश का दायरा और बढ़ेगा. विशेष रूप से 4 और 5 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तो एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की भी चेतावनी जारी की गई है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 3-4 जुलाई से आंधी-बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों का हाल: धौलपुर के बाड़ी में सबसे ज्यादा बरसे बदरा

बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है. मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक वर्षा धौलपुर के बाड़ी में 68 मिलीमीटर (7 सेंटीमीटर) दर्ज की गई. इसके अलावा कोटा के मंडाना में 4 सेंटीमीटर, धौलपुर के बसेड़ी और करौली के सपोटरा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई. वहीं, बारां के शाहाबाद और सवाईमाधोपुर के बोली में 2-2 सेंटीमीटर तथा झालावाड़, बूंदी और टोंक में 1-1 सेंटीमीटर पानी गिरा. इसके विपरीत पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और कहीं-कहीं गर्म रातें भी दर्ज की गईं.

जानिए आपके जिले में कितना रहा तापमान

जयपुर: राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

अजमेर: यहां अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

कोटा: कोटा में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

भीलवाड़ा: भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

अलवर: अलवर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया.

सीकर: सीकर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

चित्तौड़गढ़: चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

डबोक (उदयपुर): उदयपुर के डबोक में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

पिलानी: पिलानी में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

चूरू: चूरू में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया.

बीकानेर: बीकानेर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

जैसलमेर: जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

जोधपुर: जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग ने आमजन को सलाह दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों या कमजोर ढंचों के नीचे खड़े होने से बचें. 3 जुलाई से राज्य के बड़े हिस्से में मानसून की गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.

    follow google news