live blog active
लाइव

Rajasthan Nagar Palika Chairman Election Live: राजस्थान में आज चुने जाएंगे 251 पालिकाओं में चेयरमैन, जानिए किस कस्बे में किसकी बनेगी बोर्ड!

न्यूज तक डेस्क

21 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 21 2026 11:55 AM)

Rajasthan Nagar Palika Election Live: राजस्थान के 273 नगरीय निकायों में आज मेयर, सभापति और नगर पालिका अध्यक्ष पदों के लिए सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया जारी है, जिसके नतीजे दोपहर में वोटिंग खत्म होते ही घोषित कर दिए जाएंगे.

Google CTA
राजस्थान नगर पालिका चेयरमैन चुनाव
राजस्थान नगर पालिका चेयरमैन चुनाव

Rajasthan Nagar Palika Result Live: राजस्थान में हाल ही में हुए शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के तहत आज नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चयन के लिए गहमागहमी अपने चरम पर पहुंच गई है. प्रदेश की कुल 252 नगर पालिकाओं में से 32 स्थानों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो चुका है. जिनमें 30 पर BJP और दो पर कांग्रेस ने सफलता हासिल की है. शेष नगर पालिकाओं में आज सुबह दस बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो दोपहर दो बजे तक चलेगी और इसके तुरंत बाद मतों की गणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.

Read more!

नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाने को लेकर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और पेचीदा हो गया है. हालिया चुनाव परिणामों में बड़ी संख्या में निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की है. जिसके कारण दर्जनों पालिकाओं में हंग बोर्ड की स्थिति पैदा हो गई है. कई नगर पालिकाओं में तो बहुमत का गणित महज एक या दो वोटों के अंतर पर अटका हुआ है, जिसके चलते क्रास वोटिंग की आशंका को देखते हुए दलों को अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी तक करनी पड़ी. आज रिसॉर्ट्स और होटलों से सीधे पोलिंग बूथ पहुंचे ये निर्दलीय और बागी पार्षद ही तय करेंगे कि कस्बों की सरकार का सिरमौर कौन बनेगा. 

आज अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न होने और नतीजों के आने के तुरंत बाद पालिका स्तर पर राजनीतिक जोड़-तोड़ का अगला चरण शुरू हो जाएगा. 22 सितंबर को नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. जिसके लिए सुबह दस बजे बैठक बुलाई गई है. सुबह ग्यारह बजे तक नामांकन दाखिल करने और दोपहर दो बजे तक नाम वापसी के बाद यदि जरूरत पड़ी तो दोपहर ढाई से शाम पांच बजे के बीच मतदान कराया जाएगा और मतगणना के तुरंत बाद उपाध्यक्षों के नाम की भी अंतिम घोषणा कर दी जाएगी.  

ताजा रुझानों, मतदान प्रतिशत और नतीजों के पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें....

  • 11:55 AM • 21 Sep 2026

    उनियारा में उलझ गया था गणित, जानिए 12 वोटों ने कैसे पलट दिया पूरा खेल!

    टोंक जिले की उनियारा नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव में कांग्रेस के नरेश गुर्जर ने जीत हासिल कर ली है. इस कड़े मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी नरेश गुर्जर को कुल 12 वोट मिले, जिन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभय सिंह (8 वोट) को शिकस्त देकर चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जा जमाया.
     

  • 11:48 AM • 21 Sep 2026

    बड़ी खबर: सांचौर नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न, इस पार्टी ने कर दिया बड़ा खेला

    जालौर जिले की सांचौर नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हो गया है. जिसमें भारतीय जनता पार्टी के पुरुषोत्तम दवे ने जीत दर्ज करते हुए चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. इस चुनावी मुकाबले में भाजपा के पक्ष में कुल 23 मत पड़े, जबकि प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 12 वोटों से ही संतोष करना पड़ा. 

  • 11:41 AM • 21 Sep 2026

    कौन हैं कीर्ति गोसाईवाल? सिविल परीक्षा छोड़ 21 साल की उम्र में राजस्थान की पहली Gen-Z पालिका अध्यक्ष बनीं

    राजस्थान में 21 सितंबर को हुए नगर निकाय चुनावों के बीच बाड़मेर के धोरीमन्ना नगर पालिका की खबर सबसे ज्यादा सुर्खियों में है, जहां भाजपा की 21 साल की पार्षद कीर्ति गोसाईवाल प्रदेश की पहली सबसे कम उम्र की 'जेन जी' पालिका अध्यक्ष बनकर इतिहास रच चुकी हैं. धोरीमन्ना के वार्ड नंबर 20 से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाली कीर्ति (जन्म वर्ष 2005) ने अनुसूचित जाति महिला आरक्षित सीट से नामांकन भरा था, लेकिन सामने कोई दूसरा उम्मीदवार न होने के कारण वे निर्विरोध चुन ली गई. सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का सपना देखने वाली कीर्ति ने अब जनसेवा के लिए राजनीति की राह चुन ली है.

  • 11:33 AM • 21 Sep 2026

    Nagar palika Chairman Election: निर्दलीय करने वाले हैं बड़ा खेल? Dholpur में 7 निकायों का 'बाज़ीगर' कौन?

    उदयपुर जिले की भींडर, वल्लभनगर, मावली, कानोड़ और फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिकाओं में चेयरमैन पद के लिए कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। यहाँ भींडर में मीना देवी (भाजपा) का सामना सुंदरलाल (कांग्रेस) से, वल्लभनगर में सोवनी (भाजपा) की टक्कर रामी (कांग्रेस) से, मावली में राकेश कुमार मीणा (भाजपा) का मुकाबला पुष्पा कुमारी (कांग्रेस) से और कानोड़ में शिवकुमार सोनी (भाजपा) का आमना-सामना रोनक स्वर्णकार (कांग्रेस) से है, जबकि फतहनगर-सनवाड़ में मुकाबला भाजपा की सीमा और निर्दलीय प्रत्याशी ममता के बीच बना हुआ है.

  • 10:44 AM • 21 Sep 2026

    Rajasthan Nagar Palika Chairman Election Live: जानिए उदयपुर की 5 नगरपालिकाओं में किसके सिर सजेगा ताज!

    राजस्थान के उदयपुर जिले की 5 नगरपालिकाओं में चेयरमैन पद के लिए मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है. भींडर में मीना देवी (भाजपा) और सुंदरलाल (कांग्रेस), वल्लभनगर में सोवनी (भाजपा) और रामी (कांग्रेस), मावली में राकेश कुमार मीणा (भाजपा) और पुष्पा कुमारी (कांग्रेस) तथा कानोड़ में शिवकुमार सोनी (भाजपा) और रोनक स्वर्णकार (कांग्रेस) के बीच सीधी चुनावी टक्कर है, वहीं फतहनगर-सनवाड़ में मुकाबला भाजपा की सीमा और निर्दलीय प्रत्याशी ममता के बीच आ फंसा है. 

  • 10:27 AM • 21 Sep 2026

    धौलपुर की 4 पालिकाओं में चेयरमैन के लिए मतदान शुरू, जानें कहां बन रहा किसका माहौल!

    धौलपुर जिले की 4 नगर पालिकाओं- राजाखेड़ा, सैपऊ, बाड़ी और मनियां में आज चेयरमैन पद के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जबकि धौलपुर नगर परिषद, सरमथुरा और बसेड़ी में चुनाव निर्विरोध पूरा हो चुका है. राजाखेड़ा में अंजली बघेल (कांग्रेस) बनाम पूनम सोनी (भाजपा), सैपऊ में मुनेश कुशवाहा (कांग्रेस) बनाम पप्पू परमार (भाजपा), बाड़ी में रेनू सिंघल (कांग्रेस) बनाम मुकेश सिंघल (भाजपा) और मनियां में ब्रजेश कुमार (कांग्रेस) बनाम मोहिनी (भाजपा) के बीच सीधी टक्कर है, जहाँ बाड़ेबंदी और गोटियां फिट करने के बाद अब दोपहर 3 बजे नतीजे आते ही साफ हो जाएगा कि किसके सिर चेयरमैन का ताज सजेगा. 

  • 10:11 AM • 21 Sep 2026

    कोटा ग्रामीण का संग्राम: 4 पालिकाओं में वोटिंग जारी, कहीं BJP तो कहीं निर्दलीय भारी!

    कोटा ग्रामीण की चार नगरपालिकाओं- सुल्तानपुर, इटावा, सांगोद और रामगंजमंडी में अध्यक्ष पद के चयन के लिए आज कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान की प्रक्रिया जारी है. चुनावों के समीकरण देखें तो रामगंजमंडी में भारतीय जनता पार्टी की जीत लगभग तय मानी जा रही है, वहीं इटावा नगर पालिका में निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका निभाते हुए 'किंगमेकर' साबित होने वाले हैं. 

  • 10:09 AM • 21 Sep 2026

    निकाय चुनाव का पूरा गणित समझिए

    राजस्थान के कुल 309 निकायों (10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिका) के चुनाव में आज 273 निकायों में अध्यक्ष, सभापति और मेयर पद के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है. इससे पहले राज्य की 32 निकायों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है, जिनमें 30 निकायों पर भारतीय जनता पार्टी और 2 पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है, जबकि जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगर पालिका सहित 4 निकायों में मतदान 25 सितंबर को कराया जाएग.  इस पूरे चुनाव में कुल 2,273 निर्दलीय पार्षद जीतकर सामने आए हैं, जो दर्जनों हंग बोर्ड वाली निकायों में अध्यक्ष चुनने के लिए किंगमेकर की अहम भूमिका निभा रहे हैं.