राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां आसींद थाना क्षेत्र के सेमला का बाड़िया गांव में एक 30 वर्षीय विधवा महिला, ललिता देवी ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मौत को गले लगा लिया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि करीब 10 महीने पहले महिला के पति ने भी इसी तरह की धमकियों से परेशान होकर खुदकुशी कर ली थी.
ADVERTISEMENT
अश्लील फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग
ललिता देवी दो मासूम बच्चों की मां थीं और पति की मौत के बाद अकेले संघर्ष कर रही थीं. आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति, इंद्र सिंह, उन्हें पिछले कई दिनों से लगातार फोन कर परेशान कर रहा था. आरोपी धमकी देता था कि उसके पास ललिता के कॉल डिटेल्स और कुछ अश्लील फोटो-वीडियो हैं, जिन्हें वह सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.
मरने से पहले बयां किया दर्द
ललिता ने जहर खाने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. लेकिन मौत से पहले उन्होंने अपने परिजनों को आरोपी की पूरी करतूत बताई. परिजनों का आरोप है कि इंद्र सिंह ने ललिता से डरा-धमकाकर 20 से 25 हजार रुपये भी ऐंठ लिए थे . ललिता के देवर देवी सिंह ने बताया कि उनकी भाभी ने मरते वक्त कहा कि वह बदनाम नहीं होना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया.
एक ही परिवार में दो मौतें, एक ही आरोपी!
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ललिता के पति की मौत भी लगभग 8-10 महीने पहले इसी तरह हुई थी. परिवार का आरोप है कि तब भी इसी आरोपी की धमकियों और प्रताड़ना के चलते उनके भाई ने जहर खा लिया था. अब पत्नी की मौत के बाद परिवार का गुस्सा फूट पड़ा है.
परिजनों की मांग: गिरफ्तारी तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
पीड़ित परिवार ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपी इंद्र सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती, वे ललिता का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन समय रहते कार्रवाई करेगा या यह मामला भी पुरानी फाइलों की तरह दब जाएगा? पीछे छूटे दो छोटे बच्चों के सिर से अब माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है.
ADVERTISEMENT


