राजस्थान की राजनीति में वायरल वीडियो और सोशल मीडिया बयानों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही में छोटू सिंह रावणा द्वारा लगाए गए कथित 'धमकी' भरे आरोपों पर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. भाटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को कोई भी नैरेटिव बनाने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए, वरना इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो चर्चा में था जिसमें छोटू सिंह रावणा ने रविंद्र सिंह भाटी और उनके समर्थकों को लेकर कुछ टिप्पणी की थी. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाटी ने कहा, "हमेशा से हमारा प्रयास रहा है कि जरूरतमंदों की मदद करें. चाहे अस्पताल का मामला हो या सामाजिक कार्य, हम पहली पंक्ति में खड़े मिलते हैं. लेकिन अगर कोई राजनीतिक नैरेटिव बनाने के लिए गलत तरीके से टिप्पणी करता है तो वह अनुचित है."
कैंसर पीड़ित बच्चे के वीडियो पर दी सफाई
भाटी ने एक कैंसर पीड़ित बच्चे के वायरल वीडियो पर भी विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लगभग दो साल पहले बच्चे के पिता ने आर्थिक मदद के लिए संपर्क किया था, जिसके बाद उन्होंने क्राउडफंडिंग के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की थी. बाद में परिवार के कहने पर ही वह पोस्ट हटाई गई थी क्योंकि बच्चा ठीक हो गया था. भाटी ने कहा कि अब फिर से उस वीडियो को गलत तरीके से पेश करना सही संदेश नहीं देता.
'पॉलिटिकल टूल' न बनें लोग
विधायक भाटी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राजनीति में साजिशें और षड्यंत्र जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन आम व्यक्ति को किसी का 'पॉलिटिकल टूल' (राजनीतिक मोहरा) नहीं बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी क्रिया या प्रतिक्रिया से पहले वस्तुस्थिति का पता होना जरूरी है. भाटी ने साफ किया कि बिना वजह की राजनीति केवल नुकसान ही पहुंचाती है.
नन्हे प्रशंसक सूर्यांश से बातचीत
इस दौरान भाटी काफी खुशनुमा मूड में भी दिखे. उन्होंने अपने एक नन्हे प्रशंसक सूर्यांश के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया. सूर्यांश ने भाटी को अपने स्विमिंग पूल के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया था. भाटी ने बच्चे की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में सक्रिय और मानसिक रूप से मजबूत युवाओं की राजनीति में भागीदारी बहुत जरूरी है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान: 'बदनाम करने का प्लान ये था' बेइज्जत करने वाली छात्रा पर गंभीर आरोप! डिप्टी CM के बचाव में उतरी छात्रा!
ADVERTISEMENT


