राजस्थान की जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है. प्रदेश की 37 जिला परिषदों में से 23 पर कांग्रेस को बहुमत मिला है. बीजेपी सिर्फ 5 जिलों में बहुमत हासिल कर पाई है. हालांकि, चुनाव की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. असली खेल तो जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए शुरू होने वाला है. वजह है राजस्थान की राजनीति का वो पुराना फॉर्मूला, जिसमें चुनाव जीतने के बाद भी कुर्सी का रास्ता सीधा नहीं होता. कई बार नंबर गेम से ज्यादा जरूरी हो जाता है सही समय पर सही सदस्य को अपने पाले में लाना. निर्दलीयों को साधना, दूसरे दलों के विजेताओं से संपर्क करना और अपने खेमे को टूटने से बचाना. यानी जिला परिषद के नतीजों के बाद अब जोड़-तोड़ की राजनीति का दौर शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT
बीजेपी को उम्मीद है कि वह करीब 8-10 जिलों में समीकरण बदलकर जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंच सकती है. दूसरी तरफ कांग्रेस भी 4 ऐसे जिलों में सेंध लगाने की कोशिश में है, जहां बीजेपी को बहुमत तो मिला है, लेकिन उसकी बढ़त बेहद कम है. इस पूरे सियासी खेल में चूरू सबसे दिलचस्प जिला बन गया है. यहां कांग्रेस बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन बीजेपी ने अपने पुराने रणनीतिकार राजेंद्र राठौड़ पर उम्मीदें लगा रखी हैं. वहीं नागौर में हनुमान बेनीवाल की RLP बहुमत के आंकड़े पर है. सवाल है कि क्या बीजेपी उनके गढ़ में कोई खेल कर पाएगी? पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के झालावाड़ में भी कांग्रेस की नजरें टिकी हैं. हालांकि यहां बीजेपी का पलड़ा भारी माना जा रहा है. अब सबकी निगाहें 25 नवंबर पर हैं, जब जिला प्रमुखों का चुनाव होना है.
आइए समझते हैं कि राजस्थान के किन जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर क्या सियासी गणित बन रहा है.
पहले समझिए, राजस्थान में चुनाव के बाद नंबर गेम क्या कहता है?
राजस्थान की 37 जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. कांग्रेस ने 23 जिलों में बहुमत हासिल किया है, जबकि बीजेपी को 5 जिलों में बहुमत मिला है. हालांकि, कुछ जिलों में मुकाबला इतना करीबी है कि यहां अंतिम फैसला राजनीतिक जोड़-तोड़ से हो सकता है. बीजेपी की नजर उन जिलों पर है, जहां वह बहुमत से कुछ ही सीट दूर है या निर्दलीयों और छोटे दलों के समर्थन से अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है. बालोतरा और डीडवाना-कुचामन में RLP, प्रतापगढ़ और सलूंबर में BAP, जबकि खैरथल-तिजारा और डीग में निर्दलीय सदस्य अहम भूमिका निभा सकते हैं. कांग्रेस के सामने भी चुनौती कम नहीं है. उसे अपने जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखना होगा. जिन जिलों में बीजेपी को मामूली बहुमत मिला है, वहां कांग्रेस सेंधमारी का मौका तलाश रही है. अब एक-एक करके समझते हैं पूरा सियासी गणित.
चूरू: कांग्रेस के बहुमत के सामने राजेंद्र राठौड़ की रणनीति
चूरू इस पूरे चुनावी गणित का सबसे चर्चित जिला बन गया है. चूरू जिला परिषद की कुल 39 सीटों में कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है. बीजेपी को 17 और अन्य के खाते में 1 सीट गई है. यहां बहुमत का आंकड़ा 20 है. इस तरह कांग्रेस जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है. हालांकि, बीजेपी की नजर अपने वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की रणनीति और संभावित जोड़-तोड़ पर टिकी है.
इस चुनाव में राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम और बहू कनिका सिंह भी जीतकर आए हैं. कनिका सिंह को जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों में देखा जा रहा है. हालांकि, उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बहुमत जुटाने की होगी. बीजेपी के सामने कांग्रेस के बहुमत को तोड़ने का मुश्किल काम है. उसे दूसरे खेमे के सदस्यों को अपने साथ लाना होगा. उधर, कांग्रेस भी किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहती. पार्टी की तरफ से प्रदेश उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जिले के कांग्रेस विधायकों को भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
नागौर: हनुमान बेनीवाल के पास नंबर, बीजेपी की नजर सेंधमारी पर
नागौर में जिला परिषद की कुल 37 सीटें हैं. बहुमत के लिए 19 सदस्यों की जरूरत है और हनुमान बेनीवाल की RLP ने भी 19 सीटें जीत ली हैं. अगर इन नंबरों को देखते हैं तो RLP का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है. लेकिन राजनीति में बहुमत हासिल करना और उसे बचाकर रखना दो अलग-अलग बातें हैं. यही वजह है कि बीजेपी की नजर नागौर के समीकरणों पर है. पार्टी ज्यादा से ज्यादा जिलों में अपना जिला प्रमुख बनाना चाहती है. ऐसे में नागौर में भी संभावनाएं तलाश की जा रही हैं. हालांकि, बीजेपी के लिए यह आसान नहीं होगा. हनुमान बेनीवाल पांच साल पहले एनडीए से अलग हो चुके हैं. ऐसे में RLP से बीजेपी को सीधे समर्थन मिलने की संभावना कम है.
दूसरी तरफ कांग्रेस भी यहां काफी संभलकर चल रही है. जानकारी के मुताबिक कांग्रेस फिलहाल RLP को समर्थन देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन बीजेपी को नुकसान पहुंचाने के लिए वह RLP के खिलाफ कोई कदम भी नहीं उठाना चाहती. अगर बीजेपी की तरफ से तोड़-फोड़ की कोशिश होती है, तो कांग्रेस RLP को समर्थन देने पर विचार कर सकती है. फिलहाल नागौर में सबसे बड़ी चुनौती हनुमान बेनीवाल के सामने अपने सदस्यों को एकजुट रखने की है.
बालोतरा: हनुमान बेनीवाल बन सकते हैं किंगमेकर
बालोतरा में जिला प्रमुख की कुर्सी का रास्ता RLP के बिना आसान नहीं है. यहां बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपने दम पर बहुमत हासिल करने की स्थिति में नहीं हैं. बालोतरा जिला परिषद की कुल 31 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने 12-12 सीटें जीती हैं, जबकि आरएलपी को 7 सीटें मिली हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 16 है. ऐसे में जिला प्रमुख बनाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 4 अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी. आरएलपी के 7 सदस्य किंगमेकर की भूमिका में आ सकते हैं. यानी हनुमान बेनीवाल चाहें तो यहां जिला प्रमुख की कुर्सी का पूरा खेल बदल सकते हैं. उन्हें किंगमेकर की भूमिका में देखा जा रहा है.
कांग्रेस को RLP के साथ समीकरण बनने की ज्यादा उम्मीद है. लेकिन बीजेपी भी मैदान छोड़ने के मूड में नहीं है. पार्टी की कोशिश है कि दूसरे दलों के कुछ विजेताओं को अपने पाले में लाया जाए. अब देखना होगा कि बालोतरा में आरएलपी किसका साथ देती है और किसके लिए रास्ता मुश्किल बनाती है.
खैरथल-तिजारा: बराबरी के मुकाबले में निर्दलीयों की अहमियत
खैरथल-तिजारा जिला परिषद की कुल 25 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 10-10 सीटें मिली हैं. वहीं 3 निर्दलीय और 2 BSP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. यहां बहुमत का आंकड़ा 13 है. ऐसे में जिला प्रमुख बनाने के लिए दोनों दलों को 3 अतिरिक्त सदस्यों का समर्थन चाहिए. निर्दलीय और बीएसपी के 5 सदस्य अब जिला प्रमुख चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
कांग्रेस अगर बीएसपी के दोनों सदस्यों का समर्थन हासिल कर लेती है, तब भी उसका बहुमत पूरा नहीं होगा. उसे कम से कम एक निर्दलीय सदस्य का साथ चाहिए. बीजेपी के लिए भी निर्दलीयों का समर्थन काफी अहम है. अगर पार्टी इन तीनों में से जरूरी सदस्यों को अपने साथ लाने में कामयाब हो जाती है, तो जिला प्रमुख की कुर्सी उसके खाते में जा सकती है. कांग्रेस की तरफ से टीकाराम जूली, भंवर जितेंद्र सिंह और दूसरे वरिष्ठ नेता यहां के समीकरणों पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं बीजेपी के स्थानीय नेता भी दूसरे दलों के जीते सदस्यों से संपर्क साधने में जुटे हैं. इस जिले में फिलहाल किसी की राह आसान नहीं है. यहां निर्दलीयों का फैसला ही सबसे बड़ा फैक्टर बन सकता है.
डीग: कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी, लेकिन बहुमत से दूर
डीग में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है. लेकिन वह बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई. डीग जिला परिषद की कुल 29 सीटों में कांग्रेस ने 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई है. बीजेपी को 10 और अन्य के खाते में 5 सीटें गई हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 15 है.
ऐसे में कांग्रेस बहुमत से सिर्फ एक सीट दूर है. जिला प्रमुख बनाने के लिए उसे निर्दलीय और अन्य विजेताओं का समर्थन जुटाना होगा, वहीं बीजेपी भी जोड़-तोड़ के जरिए समीकरण बदलने की कोशिश कर सकती है. यानी डीग में चुनाव का नतीजा आने के बाद असली मुकाबला शुरू हुआ है. यहां निर्दलीय सदस्यों की भूमिका काफी अहम हो सकती है.
डीडवाना-कुचामन: यहां बीजेपी के लिए आसान नहीं है रास्ता
डीडवाना-कुचामन जिला परिषद की 35 सीटों में कांग्रेस ने 14, बीजेपी ने 12 और आरएलपी ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है. यहां बहुमत के लिए 18 सीटों की जरूरत है, लेकिन कोई भी पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई. यऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है. यहां RLP और कांग्रेस के बीच समीकरण बनने की संभावना ज्यादा दिखाई दे रही है. दोनों ही पार्टियां बीजेपी को जिला प्रमुख बनाने का मौका नहीं देना चाहेंगी.
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि कांग्रेस और आरएलपी में से कोई एक पार्टी यहां बाजी मार सकती है. बीजेपी के लिए चुनौती यह है कि उसे बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए दूसरे दलों के विजेताओं को अपने साथ लाना होगा. अगर बीजेपी ऐसा करने में कामयाब होती है, तो इसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना जाएगा.
राजसमंद: बीजेपी के गढ़ में कांग्रेस का बहुमत खतरे में?
राजसमंद को बीजेपी का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है. यहां विधानसभा की चारों सीटों पर बीजेपी का कब्जा है. लेकिन जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है. राजसमंद जिला परिषद की कुल 29 सीटों में कांग्रेस ने 17 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है. बीजेपी को 12 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 15 है.
इस तरह कांग्रेस जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है. हालांकि, बीजेपी बहुमत से सिर्फ 3 सीट दूर है, ऐसे में उसकी नजर कांग्रेस के खेमे में सेंधमारी पर हो सकती है. पार्टी के विधायक, नेता और कार्यकर्ता जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं. दूसरी तरफ कांग्रेस के सामने अपने बहुमत को सुरक्षित रखने की चुनौती है. यहां अगर बीजेपी कुछ सदस्यों को अपने पाले में करने में कामयाब हो जाती है, तो जिला प्रमुख चुनाव का नतीजा बदल सकता है.
प्रतापगढ़: BAP के हाथ में जिला प्रमुख की चाबी
प्रतापगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही बहुमत से दूर हैं. ऐसे में दोनों पार्टियों की नजर भारतीय आदिवासी पार्टी यानी BAP के सदस्यों पर है. प्रतापगढ़ जिला परिषद की कुल 25 सीटों में कांग्रेस ने 11 सीटें जीती हैं, जबकि बीजेपी और बीएपी को 7-7 सीटें मिली हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 13 है. ऐसे में कांग्रेस को जिला प्रमुख बनाने के लिए 2 अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी. बीजेपी और BAP के बीच समीकरण बनने पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है.
BAP के नेता आमतौर पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों का विरोध करते रहे हैं. हालांकि, पार्टी पहले अशोक गहलोत की सरकार को समर्थन दे चुकी है. यही वजह है कि कांग्रेस को यहां BAP से समर्थन मिलने की कुछ ज्यादा उम्मीद है. लेकिन बीजेपी भी पीछे नहीं है. पार्टी ने BAP के टिकट पर जीतने वाले सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश शुरू कर दी है. फिलहाल प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला काफी हद तक BAP के रुख पर निर्भर करता दिखाई दे रहा है.
सलूंबर: सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी, लेकिन BAP के बिना मुश्किल
सलूंबर में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. सलूंबर जिला परिषद की कुल 21 सीटों में बीजेपी ने 9, कांग्रेस ने 8 और BAP ने 4 सीटें जीती हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 11 है. ऐसे में बीजेपी बहुमत से 2 सीट दूर है, जबकि कांग्रेस को 3 अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत है. BAP के 4 सदस्य जिला प्रमुख चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
जिला प्रमुख बनाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को बीएपी के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. यही वजह है कि BAP की चार सीटें इस पूरे मुकाबले में अहम हो गई हैं. कांग्रेस खेमे को उम्मीद है कि BAP का साथ मिलने से उसके लिए रास्ता खुल सकता है. दूसरी तरफ बीजेपी ने भी अपनी तरफ से राजनीतिक समीकरण बनाने शुरू कर दिए हैं. अब देखना होगा कि BAP किसके साथ जाती है. सलूंबर में पार्टी का फैसला जिला प्रमुख की कुर्सी तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है.
झालावाड़: वसुंधरा राजे के गढ़ में कांग्रेस की नजर
झालावाड़ जिला परिषद की कुल 33 सीटों में बीजेपी ने 17 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है. कांग्रेस को 16 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 17 है. यहां बीजेपी को सिर्फ एक सीट के अंतर से बहुमत मिला है. ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ में जिला प्रमुख की कुर्सी बचाए रखना पार्टी के लिए अहम होगा. पिछला जिला परिषद बोर्ड भी बीजेपी के पास था. ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि वह इस बार भी अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहेगी. हालांकि, कांग्रेस ने भी अंदरखाने संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं.
पाली: मदन राठौड़ के गढ़ में बीजेपी कितनी सुरक्षित?
पाली जिला परिषद की कुल 33 सीटों में बीजेपी ने 19 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कांग्रेस को 14 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 17 है. बीजेपी ने बहुमत से 2 सीटें ज्यादा हासिल की हैं. ऐसे में मदन राठौड़ के गढ़ पाली में पार्टी की स्थिति मजबूत है और जिला प्रमुख चुनाव में उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत नहीं है.
उदयपुर: बीजेपी के गढ़ में कांग्रेस को सेंधमारी का मौका
उदयपुर को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है. लेकिन जिला परिषद चुनाव में पार्टी की स्थिति उतनी मजबूत नहीं रही, जितनी उम्मीद की जा रही थी. उदयपुर जिला परिषद की कुल 47 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला रहा. बीजेपी ने 24 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा छू लिया है, जबकि कांग्रेस को 22 और BAP को 1 सीट मिली है. ऐसे में कांग्रेस बहुमत से 2 सीट दूर है. अगर कांग्रेस BAP का समर्थन हासिल भी कर लेती है, तब भी उसे बीजेपी के कम से कम एक सदस्य का साथ जुटाना होगा. यही वजह है कि कांग्रेस यहां संभावनाएं तलाश रही है. पार्टी को लगता है कि अगर बीजेपी के कुछ सदस्य टूटते हैं, तो जिला प्रमुख की कुर्सी का समीकरण बदल सकता है.
ब्यावर: बीजेपी को बहुमत तो मिला, लेकिन कांग्रेस पीछे नहीं
ब्यावर जिला परिषद की कुल 27 सीटों में बीजेपी ने 14 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है. कांग्रेस को 13 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा भी 14 है. यहां बीजेपी को सिर्फ एक सीट की बढ़त मिली है. ऐसे में कांग्रेस अगर बीजेपी के एक सदस्य को अपने पाले में लाने में कामयाब होती है, तो जिला प्रमुख चुनाव के समीकरण बदल सकते हैं.
इसी संभावना को देखते हुए बीजेपी अपने जीते हुए सदस्यों पर नजर रख रही है. पार्टी नहीं चाहती कि आखिरी वक्त में कोई सदस्य पाला बदल दे. कांग्रेस भी मौके की तलाश में है. उसके लिए यहां एक सदस्य का समर्थन हासिल करना जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता खोल सकता है.
25 नवंबर को होगा असली फैसला, किसके सिर सजेगा जिला प्रमुख का ताज?
राजस्थान में जिला परिषद चुनाव के नतीजे आ गए, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी का खेल अभी बाकी है. चूरू में राजेंद्र राठौड़, नागौर में हनुमान बेनीवाल और बालोतरा में RLP की भूमिका पर सबकी नजर है. वहीं प्रतापगढ़ और सलूंबर में BAP का समर्थन अहम हो सकता है. खैरथल-तिजारा और डीग में निर्दलीय सदस्य समीकरण बदल सकते हैं. उधर झालावाड़, ब्यावर और उदयपुर में बीजेपी को अपना बहुमत बचाने की चुनौती है. अब पार्टियां अपने सदस्यों को एकजुट रखने और जरूरी समर्थन जुटाने में लगी हैं.
Gen-Z ने हिला दी राजस्थान की राजनीति! छात्रसंघ चुनाव बंद हुए तो जिला परिषद में 210 युवाओं ने जमाया कब्जा, कांग्रेस के सबसे ज्यादा जीते
ADVERTISEMENT


