राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है. प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 255 जगह अपने प्रधान बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि भाजपा सिर्फ 105 सीटों पर जीत दर्ज कर सकी. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि भाजपा 6 जिलों में अपना खाता तक नहीं खोल पाई.
ADVERTISEMENT
इन चुनावों में कई जगह सियासी समीकरण भी बदलते नजर आए. कहीं कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर दूसरी पार्टियों को हराया, तो कहीं क्रॉस वोटिंग ने चुनाव का पूरा गणित बदल दिया. राजनीतिक परिवारों के लिए भी ये चुनाव खास रहे. कई नेताओं के बेटे, बेटियां और रिश्तेदार प्रधान बने, तो कुछ को हार का सामना करना पड़ा. वहीं, 419 में से 280 पंचायत समितियों में महिलाओं ने प्रधान पद हासिल किया.
419 पंचायत समितियों में कांग्रेस का दबदबा
प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव हुए. इन चुनावों में कांग्रेस ने 255 पंचायत समितियों में अपना प्रधान बनाया. जबकि 20 नवंबर को आए पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस को 230 जगह स्पष्ट बहुमत मिला था. इसके अलावा 51 पंचायत समितियों में पार्टी आगे थी.
भाजपा ने 105 जगह प्रधान पद पर जीत हासिल की. पार्टी को पहले 51 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत मिला था और 13 जगह बढ़त थी. वहीं, आरएलपी ने 24 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए. पार्टी को 14 जगह बहुमत और 7 जगह बढ़त मिली थी. BAP ने भी 14 पंचायत समितियों में प्रधान पद हासिल किया. पार्टी को 11 जगह स्पष्ट बहुमत मिला था और 5 जगह बढ़त थी. प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में से 47 जगह प्रधान निर्विरोध चुने गए.
6 जिलों में भाजपा का खाता नहीं खुला
पंचायत समिति प्रधान चुनाव में भाजपा को प्रदेश के 6 जिलों में एक भी जीत नहीं मिली. इनमें सीकर, नागौर, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, फलोदी और बूंदी शामिल हैं. सीकर की 16 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 15 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक जगह जीत दर्ज की. नागौर की 12 पंचायत समितियों में आरएलपी ने 8 और कांग्रेस ने 4 प्रधान बनाए.
हनुमानगढ़ की 10 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 8 और सीपीआईएम को 2 जगह जीत मिली. सवाई माधोपुर की 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 7 और निर्दलीय ने एक जगह प्रधान बनाया. इसी तरह फलोदी की 9 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 8 और निर्दलीय को एक जीत मिली. बूंदी की 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 5 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 3 जगह प्रधान पद हासिल किया.
इन चुनावों में महिलाओं की भागीदारी भी चर्चा का विषय रही. प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में से 280 जगह महिला प्रधान चुनी गईं. यानी करीब 66 फीसदी प्रधान महिलाएं बनी हैं. पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण है. इसके तहत प्रधान पद की 204 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं. हालांकि, चुनाव परिणाम में आरक्षित सीटों से ज्यादा महिलाओं ने जीत दर्ज की.
1. कई बड़े राजनीतिक परिवारों के सदस्यों ने दर्ज की जीत
प्रधान चुनाव में कई बड़े राजनीतिक परिवारों के सदस्यों को जीत मिली. पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया प्रधान बने. सांसद संजना जाटव की जेठानी प्रिया जाटव ने भी जीत दर्ज की. पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के बेटे गौरव चौहान प्रधान बने. पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की पत्नी सोनिया चौधरी ने भी जीत हासिल की. कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर की मां सीता गुर्जर और खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार के भाई पन्नालाल परमार भी प्रधान पद का चुनाव जीत गए.
2. नेताओं के रिश्तेदारों को हार का सामना करना पड़ा
जहां कुछ राजनीतिक परिवारों में जीत का जश्न रहा, वहीं कई नेताओं के रिश्तेदारों को हार झेलनी पड़ी. मेड़ता के पूर्व विधायक मांगीलाल डांगा के बेटे गोविंद डांगा को चुनाव में हार मिली. सैनिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन प्रेमसिंह बाजौर के भाई बाबू सिंह बाजौर भी जीत हासिल नहीं कर सके. पूर्व मंत्री खेमराज कटारिया के बेटे विवेक कटारिया को भी हार का सामना करना पड़ा. सलूंबर जिले की सेमारी पंचायत समिति में भाजपा विधायक शांता देवी मीणा की बेटी प्रीति मीणा चुनाव हार गईं. उन्हें प्रधान पद के चुनाव में सिर्फ 4 वोट मिले.
3. बूंदी में बसपा को हराने के लिए कांग्रेस-BJP एकजुट
बूंदी जिले की केशवरायपाटन पंचायत समिति में प्रधान चुनाव काफी दिलचस्प रहा. यहां बसपा प्रत्याशी को हराने के लिए कांग्रेस और भाजपा के सदस्य एकजुट हो गए. दोनों दलों के सदस्यों ने निर्दलीय प्रत्याशी हेमंत कुमारी बागड़ी का समर्थन किया. हेमंत कुमारी को कुल 15 में से 8 वोट मिले, जबकि बसपा की मीना को 7 वोट हासिल हुए. इस तरह निर्दलीय प्रत्याशी प्रधान बन गईं. बूंदी जिले की 8 पंचायत समितियों में से 5 पर कांग्रेस और 3 पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की.
4. उदयपुर में BAP को हराने के लिए कांग्रेस को BJP का साथ
उदयपुर जिले की कल्याणपुर पंचायत समिति में भी भाजपा और कांग्रेस एक साथ नजर आईं. यहां बीएपी की प्रत्याशी शकुंतला देवी को हराने के लिए भाजपा ने कांग्रेस का समर्थन किया. कांग्रेस की त्रिपुरा देवी को 10 वोट मिले, जबकि बीएपी प्रत्याशी को 5 वोट हासिल हुए. इस तरह त्रिपुरा देवी प्रधान बन गईं. कल्याणपुर पंचायत समिति में कुल 15 वार्ड थे. इनमें कांग्रेस के 7, बीएपी के 5 और भाजपा के 3 सदस्य जीते थे. कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 10 वोटों से माना जा रहा है कि भाजपा के तीनों सदस्यों ने भी उनका समर्थन किया.
5. नागौर में क्रॉस वोटिंग से पलटा चुनाव
नागौर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग का मामला सामने आया. यहां कुल 15 वार्डों में भाजपा के 2, कांग्रेस के 5, आरएलपी के 7 और एक निर्दलीय सदस्य ने जीत दर्ज की थी. कांग्रेस ने निर्दलीय सदस्य मैना को प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया, जबकि आरएलपी ने मंजू को चुनाव मैदान में उतारा. मतदान के दिन कांग्रेस का एक सदस्य तय समय के बाद पहुंचा. इस वजह से वह वोट नहीं डाल सका और कुल 14 वोट ही पड़े. नतीजों में मैना को 8 और आरएलपी की मंजू को 6 वोट मिले. कांग्रेस के पास अपने 5 और भाजपा के 2 मिलाकर कुल 7 सदस्य थे. इसके बावजूद मैना को 8 वोट मिले. इससे आरएलपी खेमे में क्रॉस वोटिंग होने की बात सामने आई.
6. शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने बनवाया निर्दलीय प्रधान
बाड़मेर जिले की शिव पंचायत समिति में निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की रणनीति भी सफल रही. उन्होंने पंचायत समिति के 6 वार्डों में अपने समर्थित उम्मीदवार उतारे थे और सभी ने जीत दर्ज की. इसके बाद रविंद्र सिंह भाटी ने कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी दीन दयाल को निर्विरोध प्रधान बनवा दिया.
7. सास जिला प्रमुख, बहू बनी प्रधान
इन चुनावों में एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर जोधपुर जिले से भी सामने आई. यहां प्रमिला चौधरी जिला प्रमुख हैं, जबकि उनकी बहू सोनिया चौधरी पीपाड़ सिटी पंचायत समिति की प्रधान बनी हैं. इस तरह पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा सफलता मिली. भाजपा को कई जिलों में झटका लगा है.
ADVERTISEMENT


