live blog active
लाइव

Rajasthan Panchayat Election 2026 Live: राजस्थान पंचायत चुनाव में वोटिंग, अजमेर-अलवर में EVM खराब; पाली में साथ दिखे प्रत्याशी

न्यूज तक डेस्क

22 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 22 2026 9:27 AM)

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए मतदान हो रहा है. अजमेर में EVM खराब होने से 10 मिनट वोटिंग रुकी, जबकि अलवर में दो बूथों पर मशीनें बदली गईं. पाली में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने साथ फोटो खिंचवाई.

Google CTA
Rajasthan Panchayat Election 2026
Rajasthan Panchayat Election 2026

Rajasthan Panchayat Election 2026 LIVE: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए मतदान हो रहा है. सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतारें नजर आ रही हैं. अजमेर में EVM में खराबी के कारण करीब 10 मिनट तक मतदान रुका, जबकि अलवर के दो बूथों पर मशीनें बदली गईं. वहीं, पाली में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक साथ फोटो खिंचवाकर भाईचारे का संदेश दिया.

Read more!

इस लाइव ब्लॉग में जानिए राजस्थान पंचायत चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट.



 

  • 09:27 AM • 22 Oct 2026

    पाली में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने साथ खिंचवाई फोटो

    पाली जिले की रानी पंचायत के वार्ड-4 में चुनावी मुकाबले के बीच आपसी सौहार्द की तस्वीर सामने आई. यहां भाजपा प्रत्याशी भीमाराम कुमावत, कांग्रेस प्रत्याशी सुजाराम चौधरी और निर्दलीय प्रत्याशी हेमाराम देवासी व कालूराम चौधरी ने बूथ पर एक साथ फोटो खिंचवाई. प्रत्याशियों ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन गांव का भाईचारा और एकता बनी रहनी चाहिए. उनकी इस तस्वीर ने चुनावी माहौल में आपसी सद्भाव का संदेश दिया.

     

  • 09:26 AM • 22 Oct 2026

    डूंगरपुर में गुब्बारों से सजाया आदर्श मतदान केंद्र

    डूंगरपुर जिले में मतदाताओं के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. झोंथरी पंचायत समिति के विकासनगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है. यहां प्रवेश द्वार को गुब्बारों से सजाया गया है और मतदाताओं के लिए कालीन बिछाई गई है. स्कूल परिसर में चार अलग-अलग मतदान बूथ बनाए गए हैं. इसी जिले के झोंथरी पंचायत समिति क्षेत्र के गैंजी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर भूमिका पंचाल ने पहली बार वोट डाला. उन्होंने बताया कि गांव के विकास, सड़क और शिक्षा जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान किया है.

  • 09:26 AM • 22 Oct 2026

    राजसमंद में मतदान शुरू होते ही लगी कतारें

    राजसमंद जिले की कुंभलगढ़ पंचायत समिति के मजेरा मतदान केंद्र पर वोटिंग शुरू होते ही मतदाताओं की कतारें लग गईं. सुबह के समय बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे. मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पहले चरण के मतदान में अब नजर मतदान प्रतिशत और भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबले पर रहेगी. कई सीटों पर RLP, BAP और निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी भी चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकती है.

  • 09:24 AM • 22 Oct 2026

    पहले चरण में 85 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

     

    राजस्थान में पहले चरण के चुनाव में कुल 85 लाख 7 हजार 306 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनके सामने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के कुल 6,926 उम्मीदवार मैदान में हैं. मतदान के लिए 9,886 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. मतदाताओं को जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए अलग-अलग वोट डालने होंगे. चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. हालांकि, कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP), भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) और निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी समीकरण प्रभावित कर सकते हैं.