live blog active
लाइव

Rajasthan Panchayat Election Results Live: गांवों की 'सरकार' का फैसला आज, वोटों की गिनती शुरू! भाजपा-कांग्रेस में कड़ी टक्कर

20 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 20 2026 9:06 AM)

LIVE Rajasthan Panchayat Election Result : राजस्थान में पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है. सिरोही में कांग्रेस का खाता खुला है. चार चरणों में हुए मतदान के बाद आज नतीजों से ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक दलों की ताकत और प्रधान व जिला प्रमुख की कुर्सी के समीकरण साफ होंगे. जानिए पंचायत समिति चुनाव के नतीजों का हर ताजा अपडेट.

Google CTA
Rajasthan Panchayat Samiti Result LIVE Updates
Rajasthan Panchayat Samiti Result LIVE Updates

राजस्थान पंचायती राज चुनाव के चारों चरणों के मतदान के बाद आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती का दिन है. सुबह 8 बजे से सभी जिला मुख्यालयों पर बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो चुकी है.पंचायत समिति के नतीजे ब्लॉक स्तर पर सियासी ताकत तय करेंगे और यहीं से आगे चलकर प्रधान की कुर्सी का समीकरण बनेगा. कई पंचायत समितियों में कांटे की टक्कर मानी जा रही है, जहां निर्दलीय और बागी उम्मीदवार भी बड़ा उलटफेर करने की स्थिति में दिख रहे हैं. हालांकि, आयोग के आदेश के अनुसार कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली जिलों में मतगणना 17 दिसंबर 2026 को होगी.

Read more!

यह चुनाव ग्रामीण राजस्थान के सियासी मूड और जमीनी पकड़ को परखने का सबसे बड़ा जरिया माना जा रहा है. सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष, दोनों ने ही अपने-अपने ब्लॉक और जिला प्रमुख बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. ग्रामीण इलाकों में विकास, स्थानीय मुद्दे, पानी, बिजली और सड़कों के वादों के बीच जनता ने किसे अपनी पहली पसंद चुना है, इसकी तस्वीर दोपहर तक साफ होने लगेगी. 

मतगणना केंद्रों से लेकर आधिकारिक आंकड़ों तक, पंचायत समिति चुनाव परिणाम का हर ताजा अपडेट पाने के लिए बने रहिए इस लाइव ब्लॉग के साथ...
 

  • 09:06 AM • 20 Nov 2026

    उदयपुर: बड़गांव पंचायत समिति में भाजपा के अशोक शर्मा आगे, प्रधान पद के प्रमुख दावेदार

    उदयपुर जिले की बड़गांव पंचायत समिति से शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अशोक शर्मा आगे चल रहे हैं. उन्हें बड़गांव पंचायत समिति में प्रधान पद के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है, जिससे समर्थकों में खासा उत्साह है और शेष राउंड की मतगणना जारी है.

  • 09:00 AM • 20 Nov 2026

    सवाई माधोपुर: बामनवास और वजीरपुर की EVM कंट्रोल यूनिट में तकनीकी दिक्कत, इंजीनियर बुलाए गए

    सवाई माधोपुर के साहू नगर विद्यालय में चल रही मतगणना के दौरान बामनवास और वजीरपुर पंचायत समिति की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की कंट्रोल यूनिट में तकनीकी परेशानी सामने आई है. कक्ष नंबर 4 में बामनवास और कक्ष नंबर 7 में वजीरपुर की कंट्रोल यूनिट ओपन नहीं हो पा रही है, जिसे खोलने और मतगणना प्रक्रिया सुचारू करने के लिए इंजीनियरों को बुलाया गया है और वे मशक्कत कर रहे हैं.

  • 08:59 AM • 20 Nov 2026

    खमनोर (राजसमंद): वार्ड 1 से कांग्रेस के कुक सिंह बनाए हुए हैं बढ़त

    राजसमंद जिले की खमनोर पंचायत समिति से ताजा रुझान सामने आया है, जहां गांवगुडा सीट (वार्ड नंबर 1) से कांग्रेस प्रत्याशी कुक सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे हैं.

  • 08:56 AM • 20 Nov 2026

    आबूरोड पंचायत समिति में भारत आदिवासी पार्टी का खाता खुला

    सिरोही जिले की आबूरोड पंचायत समिति में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी जीत के साथ अपना खाता खोल लिया है. पहले यहां कांग्रेस को एक सीट मिलने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन अब भारत आदिवासी पार्टी की एंट्री से मुकाबला रोचक हो गया है, जबकि शेष सीटों पर मतगणना और रुझान जारी हैं.

  • 08:52 AM • 20 Nov 2026

    भरतपुर: बैर पंचायत समिति के वार्ड 1 से आरएलपी के प्रहलाद सिंह विजयी

    भरतपुर जिले की बैर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 1 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशी प्रहलाद सिंह को विजयी घोषित किया गया है. हनुमान बेनीवाल की पार्टी की इस जीत के साथ भरतपुर में मतगणना के शुरुआती नतीजों में आरएलपी ने खाता खोल लिया है, जबकि अन्य वार्डों और पंचायत समितियों की गिनती जारी है.

  • 08:45 AM • 20 Nov 2026

    सिरोही की तीन पंचायत समितियों में कांग्रेस का खाता खुला

    सिरोही जिले की पंचायत समिति चुनाव मतगणना के शुरुआती अपडेट में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने तीन पंचायत समितियों में 1-1 सीट पर जीत दर्ज की है. ताजा जानकारी के अनुसार मंडार से कांग्रेस को 1 सीट, आबूरोड से 1 सीट और रेवदर पंचायत समिति से 1 सीट मिली है, जबकि अन्य वार्डों और सीटों पर मतगणना व रुझानों का क्रम जारी है.

  • 08:36 AM • 20 Nov 2026

    सीकर में मतगणना शुरू, 9 बजे से आएंगे रुझान

    सीकर के श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय में सुबह 8:00 बजे से 49 जिला परिषद और 16 पंचायत समितियों के 304 सदस्यों के वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के बीच शुरू हो गई है. बारीकी से जांच के बाद मतगणना एजेंटों को प्रवेश दिया गया है, जहां महाविद्यालय के 16 कमरों में 12-12 टेबलों पर काउंटिंग जारी है. सबसे पहले बैलेट पेपर के वोट गिने जा रहे हैं, जिसके बाद करीब 9:00 बजे से शुरुआती रुझान आने की उम्मीद है, जबकि सबसे पहले बलारां और सबसे बाद में खंडेला पंचायत समिति की मतगणना पूरी होने की संभावना है.

  • 08:23 AM • 20 Nov 2026

    जोधपुर से सामने आए पहले रुझान

    जोधपुर में पंचायत समिति के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है. शुरुआती रुझानों में बीजेपी 1 पर, कांग्रेस 3 और RLP 1 पर बढ़त बनाई हुई दिखाई दे रही है.