राजस्थान में हाल ही में 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं. इनमें एक ट्रांसफर सबसे ज्यादा चर्चा में है. जोधपुर ग्रामीण की एसपी पी.डी. नित्या का तबादला कर दिया गया है. उनकी जगह अब उनके पति आईपीएस पंकज यादव जिले के नए एसपी होंगे.
ADVERTISEMENT
सरकार की ओर से 14 जुलाई की रात जारी तबादला सूची में पी.डी. नित्या को जोधपुर ग्रामीण से हटाकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जोधपुर में एसपी बनाया गया है. वहीं, उनके पति पंकज यादव, जो अभी तक जोधपुर की प्रथम आरएसी बटालियन के कमांडेंट थे, उन्हें जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी नियुक्त किया गया है.
यानी अब पंकज यादव जिले की कानून-व्यवस्था संभालेंगे, जबकि पी.डी. नित्या एसीबी में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर काम करेंगी.
शादी के बाद मिला था राजस्थान कैडर
आईपीएस पी.डी. नित्या छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली हैं. वह 2016 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. शुरुआत में उन्हें AGMUT कैडर मिला था. बाद में साल 2025 में शादी के आधार (Marriage Ground) पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनका कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया.
राजस्थान आने के बाद उन्होंने जोधपुर में डीसीपी (ईस्ट) के रूप में भी काम किया. इसके बाद उन्हें जोधपुर ग्रामीण का एसपी बनाया गया था.
जल्द पति को सौंपेंगी चार्ज
जानकारी के मुताबिक, पी.डी. नित्या गर्भवती हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि वह जल्द ही जोधपुर ग्रामीण एसपी का चार्ज अपने पति पंकज यादव को सौंप देंगी.
कौन हैं पंकज यादव?
पंकज यादव 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और हरियाणा के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भरतपुर में एएसपी के तौर पर की थी. इसके बाद उन्हें प्रथम आरएसी बटालियन, जोधपुर का कमांडेंट बनाया गया. अब उन्हें जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी बनाया गया है.
इस ट्रांसफर के बाद यह आईपीएस दंपती फिर चर्चा में है. एक तरफ पति जिले की पुलिस व्यवस्था संभालेंगे, तो दूसरी ओर पत्नी एसीबी में भ्रष्टाचार के मामलों की जिम्मेदारी निभाएंगी.
ADVERTISEMENT


