राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन, रात 2 बजे पहुंची IB और CID

हरनेक सिंह

• 12:42 PM • 04 Nov 2026

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात 9:45 बजे धमाका हुआ. इससे पटरी के नीचे लगे दो सीमेंट ब्लॉक टूट गए और 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया. घटना से 45 मिनट पहले पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी. जांच के लिए ATS, IB और CID पहुंचीं. छह ट्रेनें रद्द की गईं.

 Sri Ganganagar
Sri Ganganagar
Google CTA

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर धमाका हो गया. घटना अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन की है. रात करीब 9:45 बजे गांव 50 जीबी के पास यह धमाका हुआ. इससे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए. उनके अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया. धमाके से रेलवे ट्रैक के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया.

Read more!

हैरानी की बात यह है कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले इसी ट्रैक से पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी. ट्रेन रात करीब 9 बजे इस इलाके से निकली थी. धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.

मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की. रात करीब 2 बजे आईबी और सीआईडी की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद रात सवा दो बजे एटीएस के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे.

श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया कि धमाके की तीव्रता का पता लगाया जा रहा है. रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी भी जांच हो रही है. एफएसएल की टीम मौके से सैंपल लेकर जांच करेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

अक्टूबर में मिला था 7.750 किलो RDX

इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में पहले हुई विस्फोटक बरामदगी की भी चर्चा हो रही है. अक्टूबर में सुरक्षा एजेंसियों ने श्रीगंगानगर के रावला मंडी इलाके से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए थे.

इस दौरान 7.750 किलोग्राम RDX मिला था. इसके अलावा दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 867 कारतूस बरामद हुए थे. मौके से 5 बैटरी और दो रिमोट भी मिले थे. जानकारी के मुताबिक, ये हथियार सोमवार रात पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराए गए थे. पिस्टल पर 'Made in Turkey' लिखा हुआ था.

हालांकि, अभी तक रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके और RDX की बरामदगी के बीच कोई संबंध सामने नहीं आया है. जांच एजेंसियां दोनों मामलों को लेकर उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं.

धमाके के बाद 4 ट्रेनें रद्द

रेलवे ट्रैक पर धमाके के बाद इस रूट पर रेल यातायात रोक दिया गया. बुधवार सुबह 9 बजे तक ट्रेनों का संचालन बंद रखने की जानकारी दी गई. इसके अलावा बुधवार को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रूट की 4 ट्रेनें रद्द कर दी गईं.

रद्द की गई ट्रेनों में ये शामिल हैं:

1. 59715 सूरतगढ़-अनूपगढ़ पैसेंजर
2. 59716 अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर
3. 59711 सूरतगढ़-अनूपगढ़ पैसेंजर
4. 59712 अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर
 

राजस्थान में पहले भी हुई ट्रेन को बेपटरी करने की कोशिश

19 जनवरी 2026: जयपुर में महाराजा एक्सप्रेस को पलटाने की कोशिश हुई थी. ट्रेन में विदेशी पर्यटक सवार थे. रेलवे ट्रैक पर लोहे के एंगल रखे गए थे. हालांकि, लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी और बड़ा हादसा टल गया.

7 अप्रैल 2026: चित्तौड़गढ़ में मालगाड़ी को बेपटरी करने की कोशिश हुई थी. रात करीब 2:37 बजे ओराई नदी की पुलिया पर रेलवे ट्रैक पर लोहे का 17 फीट लंबा टुकड़ा रखा गया था. मालगाड़ी का इंजन उससे टकराया, लेकिन हादसा टल गया.

23 अगस्त (दो साल पहले): पाली में वंदे भारत ट्रेन को बेपटरी करने की कोशिश हुई थी. एक अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर सीमेंट का ब्लॉक रख दिया था. रात करीब 8:30 बजे अहमदाबाद से जोधपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन इससे टकरा गई थी.

झुंझुनू: जिस सड़क को बनवाने के लिए गांववालों ने जुटाया चंदा, उसी के निर्माण के दौरान चली गई 8 की जान! जानें कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?