Rajasthan Rajya Sabha: सतीश पूनिया और अलका गुर्जर ही क्यों? जानें बीजेपी के इस फैसले के 3 बड़े कारण

ललित यादव

05 Jun 2026 (अपडेटेड: Jun 5 2026 1:35 PM)

Rajasthan Rajya Sabha Election: राजस्थान राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है. पार्टी इस फैसले के जरिए संगठन के वरिष्ठ नेताओं को सम्मान देने के साथ-साथ जाट और गुर्जर समाज के सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश करती नजर आ रही है. इसे 2028 चुनाव की रणनीति से भी जोड़ा जा रहा है.

Satish Poonia, Alka Gurjar
Satish Poonia, Alka Gurjar
Google CTA

BJP Rajya Sabha Candidates: राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी दो सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है. इन नामों की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर बीजेपी ने इन्हीं दो नेताओं को क्यों चुना और इसके पीछे क्या राजनीतिक रणनीति है.

Read more!

कौन हैं अलका गुर्जर?

अलका गुर्जर राजस्थान की राजनीति में एक सक्रिय और अनुभवी नेता मानी जाती हैं. वह दौसा जिले की बांदीकुई विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं. वर्तमान में वह बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्य कर रही हैं. इसके अलावा उन्हें दिल्ली बीजेपी की सह-प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी मिल चुकी हैं. संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें पार्टी का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है.

 

सतीश पूनिया पर भी जताया भरोसा

वहीं सतीश पूनिया का नाम लंबे समय से राज्यसभा की संभावित सूची में चर्चा में था. उन्होंने संगठन में एक कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत की और बाद में राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जैसे अहम पद तक पहुंचे. वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. वर्तमान में उन्हें हरियाणा बीजेपी का प्रभारी बनाया गया है और वे संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

क्या है इसके मायने!

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार बीजेपी के इस फैसले के पीछे तीन प्रमुख कारण नजर आते हैं. पहला, लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे नेताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देना. दूसरा, राजस्थान के सामाजिक और जातीय समीकरणों को संतुलित करना, जहां एक ओर गुर्जर समाज का प्रतिनिधित्व अलका गुर्जर कर रही हैं तो दूसरी ओर जाट समाज का चेहरा सतीश पूनिया हैं. तीसरा, वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत भूमिका देना.

अलका गुर्जर गुर्जर समाज से आती हैं, जिसका राजस्थान की राजनीति में काफी गहरा प्रभाव है. उन्हें राज्यसभा भेजकर बीजेपी ने न सिर्फ संगठन में काम करने वाली महिला नेता को सम्मान दिया है, बल्कि गुर्जर वोट बैंक को भी अपने पाले में मजबूत रखने की कोशिश की है.

वहीं, सतीश पूनिया राजस्थान में जाट समाज के एक प्रभावशाली और बड़े नेता माने जाते हैं. राज्य की राजनीति में जाट मतदाताओं की भूमिका बेहद अहम है. सियासी जानकारों का मानना है कि पूनिया को राज्यसभा का टिकट देकर बीजेपी ने जाट समाज को एक बड़ा और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है.