राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक 2 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी. खासकर दक्षिणी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है.
ADVERTISEMENT
लो प्रेशर सिस्टम का दिखेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अभी भी सक्रिय है. मानसून ट्रफ भी प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से गुजर रही है. इसी वजह से 2 अगस्त तक कई जिलों में अच्छी बारिश का दौर बना रहेगा. इसके बाद 3 अगस्त से दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन पूर्वी राजस्थान में मानसून का असर बना रहेगा.
इन संभागों में होगी बारिश
2 अगस्त को जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया गया है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, जोधपुर और पाली में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं सिरोही और पाली के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश भी हो सकती है. इन जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
इन जिलों में भी मौसम रहेगा खराब
जयपुर, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, सवाई माधोपुर, टोंक, नागौर, जैसलमेर, बीकानेर और सीकर समेत कई जिलों में मेघगर्जन और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है. हालांकि अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, चूरू, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ में किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.
प्रमुख शहरों का तापमान
2 अगस्त को जयपुर का अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अजमेर में 30/25 डिग्री, उदयपुर में 29/24 डिग्री, जोधपुर में 32/27 डिग्री, बीकानेर में 34/28 डिग्री, कोटा में 31/25 डिग्री, भरतपुर में 32/26 डिग्री और अलवर में 31/25 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहने की संभावना है.
ADVERTISEMENT


