Rajasthan Rajasthan Today: राजस्थान में 21 जुलाई को जयपुर, अजमेर समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया येला अलर्ट

चेतन गुर्जर

• 08:28 PM • 20 Jul 2026

Rajasthan Rajasthan Update: राजस्थान में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 21 जुलाई के लिए 24 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना है. तापमान में भी गिरावट के आसार हैं.

राजस्थान में बदलेगा मौसम
राजस्थान में बदलेगा मौसम
Google CTA

Rajasthan Mausam News: राजस्थान में मानसूनी हवाओं ने एक बार फिर करवट ले ली है. इसके साथ ही राज्य में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में तेजी से सक्रिय हो रही हैं. इससे मानसून के एक बार फिर से जोर पकड़ने के मजबूत संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग ने 21 जुलाई को राज्य के जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभागों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई है. ऐसे में इससे राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

Read more!

राजस्थान में 21 जुलाई को अलर्ट वाले जिलों के नाम

मौसम विभाग ने 21 जुलाई को राज्य के 24 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवाएं चलने, बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने  की आशंका है. पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, ब्यावर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है; इनमें से विशेष रूप से अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों में भी तेज अंधड़ के साथ मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हनुमानगढ़ में भारी बारिश की संभावना है.

21 जुलाई को गर्मी की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान

बारिश की इन व्यापक गतिविधियों के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कुछ सीमावर्ती इलाकों जैसे जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, जोधपुर, पाली और फलौदी में 21 जुलाई को मौसम विभाग द्वारा किसी प्रकार की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है और यहां मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं, जिससे इन क्षेत्रों में हल्की गर्मी और उमस का प्रभाव बना रह सकता है. इससे पहले राज्य में चूरू सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया था जहाँ अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि बीकानेर संभाग के तीन जिलों में पारा 41 डिग्री से ऊपर रहा था, लेकिन अब आगामी बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान लगाया गया है.

बीते 24 घंटों में कैसा रहा राजस्थान का मौसम?

वहीं बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो झुंझुनूं, सीकर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, करौली, बूंदी और अजमेर में बादलों की आवाजाही रही. करौली जिले के टोडाभीम में सर्वाधिक 33 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, बीकानेर संभाग के तीन जिलों में रविवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. चुरू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उदयपुर के डबोक में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

आने वाले दिनों राजस्थान के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन अब धीरे-धीरे अपनी सामान्य स्थिति की ओर आ चुकी है, जो वर्तमान में श्रीगंगानगर, दिल्ली, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, डाल्टनगंज, पुरुलिया और दीघा से होकर गुजर रही है. इस ट्रफ लाइन के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्रों (NCR) में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और मानसूनी गतिविधियां बढ़ने से गरज-चमक के साथ बारिश का नया दौर शुरू होगा. राजस्थान की बात करें तो 21 और 22 जुलाई से जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी तथा आगामी 23 से 27 जुलाई के दौरान कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा, जिसके कारण अनेक स्थानों पर मूसलाधार बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने की प्रबल संभावना है.