Rajasthan Weather: राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है. सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है. प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. किसी भी जिले में बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है. वहीं, शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से 27 नवंबर को जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है. इस दौरान तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. ऐसे में प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां देखने को नहीं मिलेंगी.
28 नवंबर को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर को राजस्थान के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है. विभाग ने किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान मानचित्र में भी पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य और शुष्क रहने के संकेत दिए गए हैं. कहीं भी बारिश, आंधी या तेज हवाओं को लेकर चेतावनी नहीं है.
शेखावाटी में सबसे ज्यादा ठंड का असर
प्रदेश में शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 27 नवंबर को फतेहपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सीकर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा. चूरू में 8 डिग्री और पिलानी में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.
जयपुर, अजमेर और कोटा में कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 27 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक जयपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अजमेर में यह 9.9 डिग्री और कोटा में 10.4 डिग्री रहा. वहीं अलवर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 10.8 डिग्री और उदयपुर के डबोक में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री, जैसलमेर में 13.4 डिग्री और जोधपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा. बीकानेर में 14.4 डिग्री और श्रीगंगानगर में 11 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
इन जिलों में भी 10 डिग्री से नीचे रहा पारा
मौसम विभाग के स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. माउंट आबू में 7 डिग्री, लूणकरणसर में 8 डिग्री, सिरोही और करौली में 8.9 डिग्री तापमान रहा. इसके अलावा झुंझुनूं में 9.4 डिग्री और फतेहपुर में 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई इलाकों में रात के समय ठंड का असर बढ़ा है.
27 नवंबर को बाड़मेर रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पूर्वी राजस्थान में चित्तौड़गढ़ 30 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. अन्य प्रमुख शहरों में जोधपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, जैसलमेर का 30.9 डिग्री, पाली के जवाई बांध का 30.4 डिग्री और चूरू का 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जयपुर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहा.
अगले कई दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 और 30 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके बाद 1, 2 और 3 दिसंबर को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं है. अगले 10 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई गई है. अजमेर और कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
ADVERTISEMENT


