राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है. सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है. अब मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है. खासकर शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के लोगों को ठंड से सावधान रहने की जरूरत है. इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
ADVERTISEMENT
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से 26 नवंबर को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 27 नवंबर को राजस्थान के अजमेर और कोटा संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है. वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. बारिश को लेकर फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है.
शेखावाटी में 4 से 6 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 नवंबर के बीच शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है. इस दौरान यहां न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. ऐसे में सीकर, चूरू और आसपास के इलाकों में सुबह और रात की ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है.
वहीं अजमेर और कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है.
राजस्थान में 10 दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी 10 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. इस दौरान तापमान में भी किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है.
27 नवंबर को प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर और आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान में भी अधिकांश जगह मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि अजमेर, कोटा और शेखावाटी क्षेत्र में शीतलहर का असर रह सकता है.
जयपुर समेत इन शहरों में कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग के 26 नवंबर के बुलेटिन में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा. इस दौरान बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम केंद्रों पर दर्ज न्यूनतम तापमान की बात करें तो अजमेर में 9.3 डिग्री, अलवर में 8.4 डिग्री, बाड़मेर में 15.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.4 डिग्री और बीकानेर में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
इसी तरह चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, चूरू में 7.6 डिग्री, उदयपुर के डबोक में 8.7 डिग्री, जयपुर में 12.2 डिग्री और जैसलमेर में 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
जवाई बांध पाली में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, जोधपुर में 12.8 डिग्री, कोटा में 10 डिग्री, फलोदी में 14.2 डिग्री, पिलानी में 8.5 डिग्री और सीकर में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और वनस्थली में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
फतेहपुर सबसे ठंडा, माउंट आबू में 6.8 डिग्री तापमान
स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा नागौर में 6.1 डिग्री, माउंट आबू में 6.8 डिग्री, लूणकरणसर में 7.9 डिग्री और करौली में 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
झुंझुनूं में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और सिरोही में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं डूंगरपुर में 16 डिग्री, प्रतापगढ़ में 13.8 डिग्री और जालोर में 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा.
28 नवंबर से इन इलाकों में शीतलहर का असर
मौसम विभाग के दिनवार पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर को अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है. वहीं 29 और 30 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
इसके बाद 1 और 2 दिसंबर को भी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
ADVERTISEMENT


