राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, सूबे में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने के लिए तैयार है. 20 जुलाई यानी सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा. मौसम विभाग ने सोमवार से ही कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं धूलभरी आंधी या हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
ADVERTISEMENT
श्रीगंगानगर में सबसे तीखी गर्मी, माउंट आबू में हिल स्टेशन जैसी ठंडक
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राजस्थान का पश्चिमी हिस्सा पूरी तरह सूखा रहा. वहीं पूर्वी हिस्से के करौली के सपोटरा में 2 सेंटीमीटर और बारां के मांगरोल व शाहाबाद में 1-1 सेंटीमीटर पानी बरसा. इस बीच प्रदेश में तापमान का उतार-चढ़ाव भी जारी है. सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रविवार को सबसे ज्यादा गर्मी रही, जहां दिन का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी तरफ, सिरोही के माउंट आबू में मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है. वहां रात का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री और दिन का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है.
आपके जिले में कितना रहा तापमान, जानिए यहां
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पारा लगातार सामान्य से ऊपर चल रहा है. पूर्वी राजस्थान की बात करें तो दौसा सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा. पिलानी में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री, फतेहपुर में 39.3 डिग्री और करौली में 39.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
इसके अलावा अलवर में अधिकतम पारा 38.5 डिग्री, वनस्थली में 38.3 डिग्री और झुंझुनूं में 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी जयपुर में भी उमस का असर है, यहाँ अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं सीकर में 37.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 37.4 डिग्री, कोटा में 37.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 36.2 डिग्री और अजमेर में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. उदयपुर के डबोक में 34.8 डिग्री, डूंगरपुर में 33.3 डिग्री, प्रतापगढ़ में 32.6 डिग्री और सिरोही में 31.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
पश्चिमी राजस्थान के रेतीले इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा है. बीकानेर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा. जैसलमेर और चूरू दोनों जगहों पर पारा 39.8 डिग्री दर्ज किया गया. फलोदी में 39.4 डिग्री, संगरिया में 39.0 डिग्री और बाड़मेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. पाली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री, जोधपुर शहर में 37.3 डिग्री, नागौर में 36.6 डिग्री, जालोर में 36.2 डिग्री और जवाई डैम में 35.0 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया.
20 जुलाई को इन जिलों के लोग रहें सावधान
मौसम केंद्र ने सोमवार के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, जयपुर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, टोंक, सवाई माधोपुर, सीकर, झुंझुनूं, करौली, धौलपुर, दौसा, डीग, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़ और उदयपुर में मेघगर्जन और आसमानी बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी राजस्थान के चूरू, हनुमानगढ़ और डीडवाना-कुचामन में भी मौसम बिगड़ सकता है.
22 जुलाई से शुरू होगा झमाझम बारिश का असली दौर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल अमृतसर, करनाल और रांची से होकर गुजर रही है. हालांकि अगले दो दिनों तक पूर्वी राजस्थान में मानसून थोड़ा धीमा रहेगा, लेकिन 20 और 21 जुलाई से कोटा, जयपुर और अजमेर संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. असली राहत 22 और 23 जुलाई से मिलेगी, जब उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में अच्छी और भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 22 से 28 जुलाई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग के पश्चिमी जिलों में भी मानसून पूरी तरह मेहरबान हो जाएगा, जिससे लोगों को झुलसाती गर्मी से निजात मिलेगी.
ADVERTISEMENT


