राजस्थान में गुलाबी ठंड की शुरुआत, अगले सप्ताह बदलेगा मौसम, IMD का नया अपडेट आया 

न्यूज तक डेस्क

• 12:40 PM • 09 Oct 2025

राजस्थान में बेमौसम बारिश के बाद गुलाबी ठंड शुरू हो गई है. तापमान 15.2 डिग्री तक गिरा, सिरोही सबसे ठंडा रहा. अगले 2-3 दिन ठंड रहेगी, फिर तापमान बढ़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दो सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। सर्दी का असर दिसंबर से बढ़ेगा.

NewsTak
Google CTA

Rajasthan Weather: राजस्थान में बारिश के बाद मौसम बदलता नजर आ रहा है. कई जिलों में तापमान में गिरावट होने के बाद मौसम ठंडा हो गया है. कई जिलों में तापमान सामान्य से 15 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है. इस वजह से गुलाबी ठंड का अहसास शुरू हो गया है. रात के समय लोग अब रजाई और कंबल का सहारा ले रहे हैं.

Read more!

पिछले 24 घंटों में मौसम रहा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान पाली में 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. अगले दो सप्ताह तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

सर्द हुआ मौसम

कार्तिक महीने की शुरुआत के साथ ही ठंड का अहसास होने लगा है. आमतौर पर इस महीने को सर्दी की शुरुआत का समय माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ सालों में सर्दी का असर दिसंबर या जनवरी में ज्यादा देखने को मिलता है. इस बार गुलाबी ठंड ने अक्टूबर में ही दस्तक दे दी, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह ठंड लंबे समय तक नहीं रहेगी. अगले दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा, लेकिन इसके बाद तापमान फिर से बढ़ सकता है.

10 जिलों में तापमान 20 डिग्री से नीचे

उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है. 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. सबसे कम तापमान सिरोही में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पाली और सीकर में तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि झुंझुनूं के पिलानी में 17.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. अजमेर, अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, गंगानगर, नागौर, हनुमानगढ़, प्रतापगढ़ और पाली जैसे जिले भी ठंड की चपेट में हैं.

अगले तीन दिन मौसम में स्थिर

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राजस्थान में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. ठंड का हल्का अहसास बना रहेगा, लेकिन इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी का असर पूरी तरह से दिसंबर से ही दिखाई देगा.