राजस्थान में गर्मी पर ब्रेक! बारिश और ठंडी हवाओं के साथ होगी जून की शुरुआत, IMD का ताजा अपडेट

राजस्थान में 1 जून को मौसम सुहावना रहने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल लू का खतरा नहीं है. अगले कुछ दिनों तक तापमान 44 डिग्री से नीचे रहने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक

follow google news

राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मई के आखिरी दिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया और यही बदलाव 1 जून को भी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हीटवेव का खतरा नहीं है और अगले कुछ दिनों तक आंधी, मेघगर्जन तथा हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. इसके कारण अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है.

Read more!

रविवार को राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर तथा पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कई जिलों में मेघगर्जन और धूलभरी आंधी भी चली. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई.

1 जून को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 जून को जयपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश की संभावना है. वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.

जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, टोंक, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, कोटा और आसपास के जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं बीकानेर, चूरू, नागौर, जोधपुर और पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भी मौसम बदल सकता है.

इन जिलों में रविवार को सबसे ज्यादा गर्मी रही

राजस्थान में 31 मई की सुबह तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार फलोदी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद जैसलमेर में 41.4 डिग्री, बाड़मेर में 40.7 डिग्री, चूरू में 40.4 डिग्री, कोटा और बीकानेर में 40.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

जयपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अजमेर में 38.4 डिग्री, भीलवाड़ा में 38.2 डिग्री, अलवर में 34.5 डिग्री, सीकर में 37 डिग्री, जोधपुर शहर में 39 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 39.4 डिग्री और उदयपुर के डबोक क्षेत्र में 37.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री, पिलानी में 37.5 डिग्री, नागौर में 38.9 डिग्री और जालोर में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो जैसलमेर में 29.8 डिग्री और बाड़मेर में 28 डिग्री सेल्सियस के साथ रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं.

पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान शाहपुरा (जयपुर) और सांभर (जयपुर) में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. राजसमंद, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, टोंक, अलवर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, बारां और अजमेर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई. पश्चिमी राजस्थान में हनुमानगढ़, बीकानेर, नागौर, चूरू और पाली के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई.

अगले 4-5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 4 से 5 दिन तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इसके चलते भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी और अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है. फिलहाल प्रदेश में हीटवेव की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

    follow google news