राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम राहत देने की तैयारी में है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य में 11 जून से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी और हीटवेव का असर अभी भी बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान का अधिकांश हिस्सा शुष्क रहा. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के एक-दो स्थानों पर हीटवेव की स्थिति भी दर्ज की गई.
11 जून को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून को जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की वर्षा दर्ज हो सकती है. इसके साथ ही कई जिलों में तेज मेघगर्जन, बिजली चमकने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है.
11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
11 जून को जयपुर, अलवर, दौसा, झुंझुनूं, सीकर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, भरतपुर, डीग, धौलपुर और खैरथल-तिजारा सहित कई जिलों में मेघगर्जन के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.
पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
गर्मी का असर अभी भी बरकरार
बारिश की संभावना के बावजूद पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा. मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हीटवेव और धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं.
जानिए प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चूरू में 44.6 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, फलौदी में 43.8 डिग्री, बीकानेर और जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
जयपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कोटा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री, अजमेर में 39.7 डिग्री, अलवर में 41.2 डिग्री, जोधपुर शहर में 41.3 डिग्री और बाड़मेर में 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
उदयपुर क्षेत्र के डबोक में अधिकतम तापमान 40 डिग्री, सीकर में 40 डिग्री, नागौर में 39.6 डिग्री और डूंगरपुर में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम दर्ज किया गया.
किसानों और आमजन के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और निर्जलीकरण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है. किसानों को फसलों और पशुओं को गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है.
ADVERTISEMENT


