Rajasthan Mausam Update: राजस्थान में मई की तपती गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 मई को पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और कई जिलों में हीटवेव तथा गर्म रातें दर्ज की गईं. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
ADVERTISEMENT
11 मई को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
11 मई को भी पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर तेज बना रहेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क ही रहने की उम्मीद है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अगले 5 से 6 दिन तक हीटवेव और ऊष्ण रात्रि की प्रबल संभावना जताई गई है.
पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान!
बाड़मेर सबसे गर्म जिला रहा, जहां दिन का तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में 45.0 डिग्री, फलोदी में 44.8 डिग्री, जोधपुर शहर में 43.9 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 43.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. बीकानेर में पारा 42.2 डिग्री, उदयपुर के डबोक में 41.0 डिग्री, श्रीगंगानगर में 41.0 डिग्री और पाली के जवाई बांध क्षेत्र में 40.8 डिग्री दर्ज किया गया.
जयपुर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा. अजमेर में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री, कोटा में 40.4 डिग्री, अलवर में 38.2 डिग्री, सीकर में 37.5 डिग्री और पिलानी में 37.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. चूरू में तापमान 39.4 डिग्री और नागौर क्षेत्र में भी गर्मी का असर बना रहा.
कल कई जिलों में मौसम चलेगी हीटवेव!
11 मई के लिए मौसम विभाग ने बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी और बालोतरा जैसे पश्चिमी जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में ऊष्ण लहर के साथ गर्म रातें भी लोगों को परेशान कर सकती हैं. बीकानेर और श्रीगंगानगर में भी गर्मी का असर तेज रहने वाला है.
वहीं जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर जैसे जिलों में 11-12 मई के दौरान तेज हवाओं, मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इससे तापमान में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन उमस भी बढ़ सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है. ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है. किसानों को सुबह या शाम के समय सिंचाई करने और पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है.
ADVERTISEMENT


