राजस्थान में मानसून का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. प्रदेश के कई हिस्सों में 13 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान कई जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
ADVERTISEMENT
13 अगस्त को इन संभागों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में कुछ स्थानों या कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
जिलेवार चेतावनी को देखें तो 13 अगस्त को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का असर रहेगा. अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और दौसा समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है. कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है.
पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश का असर
पश्चिमी राजस्थान में भी 13 अगस्त को मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा. बालोतरा, बीकानेर, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली और फलोदी सहित कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. बालोतरा, बीकानेर, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश का अलर्ट भी दर्ज किया गया है.
बीकानेर में 13 अगस्त को भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जोधपुर और नागौर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
14 अगस्त से कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. हालांकि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश जारी रह सकती है.
इसके बाद 15 अगस्त से राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और कमजोर होने की प्रबल संभावना है. हालांकि राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर बना रह सकता है.
चित्तौड़गढ़ में 227 मिमी बारिश, कई जिलों में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राजस्थान के पूर्वी हिस्से में कई जगह मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर अति भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी में सबसे ज्यादा 227 मिमी बारिश दर्ज हुई. बारां और उदयपुर में अति भारी बारिश हुई, जबकि सवाई माधोपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, नागौर, करौली, झालावाड़ और भीलवाड़ा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश रिकॉर्ड की गई.
बारिश के आंकड़ों में गंगरार में 21 मिमी, बेगूं में 14 मिमी, निम्बाहेड़ा में 13 मिमी और गंगधार में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी राजस्थान में जायल में 9 मिमी और परबतसर में 6 मिमी बारिश दर्ज हुई.
ADVERTISEMENT


