राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 13 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. खासकर जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में आंधी और बारिश के असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. हालांकि प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान अभी भी 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
इन जिलों में रहेगा मौसम सक्रिय
राजधानी जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में 13 जून को मौसम सक्रिय रहेगा. जयपुर, दौसा, सीकर, झुंझुनूं, टोंक, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, डीग, धौलपुर और भरतपुर में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं.
अजमेर संभाग के अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा और बूंदी जिलों में भी मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है. वहीं कोटा संभाग के कोटा जिले में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
पश्चिमी राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज
पश्चिमी राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और बालोतरा जिलों में तेज आंधी और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में भी 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है.
कहां कितना तापमान
अगर तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद श्रीगंगानगर में 44.6 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, चूरू में 44.2 डिग्री, फलोदी में 43.6 डिग्री, बाड़मेर में 43.4 डिग्री, बीकानेर में 43.2 डिग्री और सीकर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री, जोधपुर शहर में 40.7 डिग्री, कोटा में 40.1 डिग्री और अजमेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान धौलपुर, भरतपुर, अलवर और श्रीगंगानगर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. श्रीगंगानगर जिले में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 से 16 जून तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


