Rajasthan Weather: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, 15 मार्च को 20 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में फिलहाल तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है और गर्मी से थोड़ी राहत है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना है.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है. एक तरफ जहां प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक ने कुछ जिलों में राहत की उम्मीद जगा दी है.

Read more!

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

कोटा सबसे गर्म, अंता सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम मुख्यतः शुष्क रहा. सर्वाधिक अधिकतम तापमान कोटा में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7.4 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान अंता, बारां में 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो बाड़मेर में 39.4, चित्तौड़गढ़ में 38.4, फलोदी में 38.8, चूरू में 37.8, पिलानी में 37.7, भीलवाड़ा में 37.2, जैसलमेर में 37.2, जोधपुर में 37.0, बीकानेर में 37.0, डबोक में 37.0, जवाई डैम (पाली) में 37.0, अलवर में 36.0, जयपुर में 36.4, अजमेर में 35.6 और सबसे ठंडा पहाड़ी स्थल माउंट आबू 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा. श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो उत्तरी ठंडी हवाओं के असर से अपेक्षाकृत कम रहा.

संभागवार तापमान - सामान्य से कितना ऊपर?

मौसम विभाग के संभागवार आंकड़ों की बात करें तो जयपुर और कोटा संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से "मार्कडली अबव नॉर्मल" यानी काफी अधिक है. अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी अधिकतम तापमान सामान्य से "एप्रिशिएबली अबव नॉर्मल" बना हुआ है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो जोधपुर और बीकानेर संभाग में रातें भी काफी गर्म हैं, जबकि उदयपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है.

14 मार्च को इन जिलों में रहें सावधान

14 मार्च को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और खैरथल-तिजारा जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने "वॉच" यानी सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है. कोटपुतली-बहरोड़ में भी 14 मार्च को इसी तरह की गतिविधियां संभव हैं. शेष प्रदेश में 14 मार्च को मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और कोई चेतावनी नहीं है.

15 मार्च को और बड़े इलाके में बारिश का अनुमान

15 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के चलते अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के अनेक जिलों  जिनमें अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, करौली, कोटपुतली-बहरोड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक के साथ-साथ बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, नागौर और डीडवाना-कुचामन में मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 16 और 17 मार्च को मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा.

हीटवेव से एक हफ्ते की राहत

अच्छी खबर यह है कि राज्य में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है और अधिकांश स्थानों पर पारा 40 डिग्री से नीचे है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बने रहने और हीटवेव से राहत जारी रहने की संभावना है.

हालांकि एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 19 से 21 मार्च के दौरान सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां दर्ज हो सकती हैं.

    follow google news