राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज! जयपुर-बीकानेर समेत इन संभागों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है और भीषण गर्मी व लू से राहत मिली है. मौसम विभाग ने 15 जून को जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभागों में तेज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है.

rajasthan weather
rajasthan weather

मोहित गुर्जर

follow google news

Rajasthan Weather: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत मिली है.

Read more!

मौसम विभाग ने 15 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज धूलभरी आंधी चलने, मेघगर्जन होने और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में लू दर्ज नहीं की गई है.

15 जून को कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जून को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है.

इस दौरान कुछ जिलों में मौसम काफी आक्रामक भी हो सकता है. विशेष रूप से अलवर, दौसा, डीग और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं या आंधी चलने की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघगर्जन की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में राज्य के पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जयपुर जिले के चौमूं में सर्वाधिक 44 मिलीमीटर (4 सेंटीमीटर) बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा अजमेर के भिनाय में 2 सेंटीमीटर, कोटा के रामगंजमंडी में 2 सेंटीमीटर, झालावाड़ के पचपहाड़ में 1 सेंटीमीटर और भीलवाड़ा में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी कोलायत मगरा और नोखा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

जानिए आपके शहर में कितना रहा तापमान

आंधी और बारिश के कारण राजस्थान के अधिकांश शहरों में पारे में भारी गिरावट आई है, जिससे तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है. पश्चिमी राजस्थान के फलोदी में सबसे अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके बाद जैसलमेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. जोधपुर शहर में पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

दूसरी तरफ, पूर्वी राजस्थान के जिलों में तापमान में बड़ी गिरावट देखी गई है. चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 38.1 डिग्री सेल्सियस, पाली में 38.1 डिग्री सेल्सियस और जवाई डैम में 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. बीकानेर में पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस, डबोक (उदयपुर) में 37.3 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा. जालोर में भी तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया.

दौसा में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस, लूणकरनसर में 36.8 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 36.7 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अजमेर में पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि भीलवाड़ा और नागौर में तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

इसके अलावा, वनस्थली और संगरिया में तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस, प्रतापगढ़ में 35.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर और सिरोही में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. राजधानी जयपुर में मौसम सुहाना रहा और यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री नीचे गिरकर 34.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. झुंझुनूं में पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 33.5 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 32.8 डिग्री सेल्सियस और करौली में 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. पिलानी में तापमान सामान्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस कम होकर 31.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि राज्य के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में सबसे कम 28.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

    follow google news