Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी अब अपने पूरे तीखे तेवर दिखाने लगी है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में सूरज की तपिश और अधिक बढ़ने वाली है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 18 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में भयंकर 'उष्ण लहर' यानी लू (Heat Wave) चलेगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है. आगामी एक सप्ताह में राज्य के अधिकांश भागों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
18 मई को कैसा रहेगा मौसम!
मौसम विभाग (IMD) द्वारा 18 मई के लिए जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान के दोनों हिस्सों- पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. इस दौरान पश्चिमी और उत्तरी भागों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की आशंका है.
मौसम केंद्र ने 18 मई को राज्य के कई जिलों के लिए 'उष्ण लहर' (Heat Wave) का यलो/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर जिलों में भी लोग लू के थपेड़ों से बेहाल रहेंगे.
24 घंटों में किस जिले में कितना दर्ज किया गया तापमान
राज्य में इस समय सबसे ज्यादा तपिश सीमावर्ती इलाकों में देखी जा रही है. पिछले 24 घंटों में राजस्थान का सबसे गर्म इलाका फलौदी रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सबसे अधिक न्यूनतम तापमान संगरिया (हनुमानगढ़) में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां रातें भी बेहद गर्म रहीं.
फलौदी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा. अलवर में अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया. कोटा में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
बीकानेर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा. चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक यानी 32.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दौसा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा. वनस्थली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. जैसलमेर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
मौसम विभाग की आम जनता और किसानों को सलाह
आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी राजस्थान में 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार हैं. इस भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम केंद्र जयपुर ने एडवाइजरी जारी की है:
गर्मी से बचें: दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचें और यथासंभव छायादार स्थानों पर रहें. बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्ति विशेष रूप से सावधानी बरतें क्योंकि वे हीट स्ट्रोक के जल्दी शिकार हो सकते हैं.
खुद को रखें हाइड्रेटेड: शरीर में पानी की कमी न होने दें . पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ-साथ ओआरएस (ORS), नींबू पानी, लस्सी और छाछ जैसे घरेलू पेय पदार्थों का इस्तेमाल करें.
किसानों के लिए जरूरी निर्देश: तीव्र उष्ण लहर के कारण फसलों और सब्जियों पर उष्मागत तनाव (Heat Stress) होने की बड़ी आशंका है . इसलिए किसान भाई अपनी फसलों में नियमित रूप से सुबह या शाम के समय सिंचाई करें.
पशु-पक्षियों का रखें ख्याल: पालतू और वन्य जीव भी इस भीषण गर्मी से प्रभावित हो सकते हैं, उनके लिए छाया और पीने के पानी के उचित इंतजाम सुनिश्चित करें . कृषि मंडियों में खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखने की सलाह दी गई है .
+2
ADVERTISEMENT


