Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, 19 मार्च को आंधी-बारिश के साथ गिरेंगे ओले, अलर्ट जारी

Rajasthan Weather: राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19 और 20 मार्च को मौसम बिगड़ने वाला है. जोधपुर, जयपुर और बीकानेर समेत 7 संभागों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है. चित्तौड़गढ़ में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया है.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. अब तक जहां गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही थी, वहीं 19 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तेज आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है. इसका असर लगभग पूरे राज्य में देखने को मिलेगा.

Read more!

19 मार्च को कैसा रहेगा मौसम

19 मार्च को राजस्थान में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में तेज मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को नुकसान का खतरा है.

मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह बदलाव अचानक होगा और दिन में गर्मी के बाद शाम या रात में तेज मौसम गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

किन जिलों में ज्यादा असर

जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, झुंझुनूं, सीकर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर, नागौर, जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू और हनुमानगढ़ जैसे जिलों में आंधी-बारिश के साथ तेज हवाओं का असर ज्यादा रहेगा.

कई जिलों में 30-40 Kmph की हवा के साथ मेघगर्जन, जबकि कुछ जिलों में 40-50 Kmph तक की तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

तापमान की स्थिति (18 मार्च के आधार पर)

राज्य में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन मौसम बदलने से इसमें गिरावट आ सकती है.

चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.0°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा. वहीं सिरोही में न्यूनतम तापमान 13.5°C दर्ज किया गया.

अब 19 मार्च को बारिश और बादल छाने से दिन के तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट संभव है.

प्रमुख शहरों का तापमान

  • जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 32.3°C और न्यूनतम 21.4°C दर्ज किया गया.
  • कोटा में अधिकतम 36.8°C और न्यूनतम 18.8°C रहा.
  • अजमेर में 33.0°C और 19.0°C तापमान रिकॉर्ड हुआ.
  • उदयपुर क्षेत्र में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है.

पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर में 36.9°C, फलोदी में 37.2°C और जोधपुर में 34.6°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर में 31.3°C रहा.

आगे का मौसम (20 से 22 मार्च)

20 मार्च को भी कई हिस्सों में आंधी और बारिश का असर जारी रहेगा. इसके बाद 21 मार्च को मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा. हालांकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है.

    follow google news