राजस्थान के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में आंधी और बारिश का यह दौर जारी रहेगा. विभाग ने जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर और शेखावाटी इलाकों के लिए खास तौर पर सतर्क रहने की चेतावनी दी है. इस दौरान कुछ जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
इन संभागों में बरसेंगे बादल, चलेगी तेज आंधी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी कुछ स्थानों पर बादल गरजने और पानी बरसने के आसार हैं.
IMD ने जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ आने का अलर्ट जारी किया है. वहीं, भीलवाड़ा, अजमेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं.
हीटवेव से राहत, तापमान में आई गिरावट
राहत की बात यह है कि इस समय पूरे राजस्थान में कहीं भी लू (Heatwave) का प्रकोप नहीं है. मौसम विभाग ने 20 जून के लिए भी किसी तरह की उष्ण लहर की चेतावनी जारी नहीं की है. लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के चलते पारा सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है.
अगर तापमान की बात करें, तो श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी रह सकती है, जहां अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. जैसलमेर, बीकानेर, चूरू और फलोदी में पारा 39 से 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, जयपुर, सीकर, अलवर, झुंझुनूं और नागौर में तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच दर्ज हो सकता है. कोटा संभाग में पारा 37 से 38 डिग्री और उदयपुर, सिरोही, माउंट आबू जैसे दक्षिणी हिस्सों में मौसम सबसे सुहावना रहेगा, जहां तापमान 33 से 37 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. माउंट आबू राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है.
पिछले 24 घंटों का हाल और मौसम विभाग की सलाह
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. पश्चिमी राजस्थान के श्रीविजयनगर में सबसे ज्यादा 9 सेंटीमीटर बारिश हुई. इसके अलावा रतनगढ़ में 6 सेमी, मलसीसर और चूरू में 5-5 सेमी, झुंझुनूं में 4 सेमी और सांभर व झालावाड़ में 3-3 सेंटीमीटर पानी बरसा.
खराब मौसम को देखते हुए मौसम केंद्र ने आम लोगों और किसानों के लिए एडवायजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों या कमजोर दीवारों के नीचे खड़े न हों. किसानों को भी अपनी फसलों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


