Rajasthan Weather: विदाई से पहले मानसून की आखिरी हलचल! 20 सितंबर को राजस्थान के किन जिलों में होगी बारिश?

न्यूज तक डेस्क

• 04:25 PM • 19 Sep 2026

राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. 20 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के 9 जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. फलोदी और बीकानेर में अधिकतम तापमान 37°C दर्ज किया गया. 21 सितंबर से राज्य में बारिश थम जाएगी.

NewsTak
Google CTA

राजस्थान में मानसून अब विदाई के मोड़ पर पहुंच गया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला से होकर मानसून की विदाई रेखा गुजर रही है. अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा. इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में गिरावट दर्ज की जा रही है और 21 सितंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है.

Read more!

20 सितंबर को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 20 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है. वहीं दूसरी ओर पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र ने बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर और उदयपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

पिछले 24 घंटों का मौसम और जिलों का तापमान

पिछले 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई. सर्वाधिक वर्षा बांसवाड़ा के घाटोल में 207.0 मिमी दर्ज की गई, जबकि प्रतापगढ़ में 103.0 मिमी बारिश हुई. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में 21.4 मिमी, बाड़मेर में 17.3 मिमी और पाली के जवाई डैम में 13.0 मिमी वर्षा हुई.

प्रदेश के प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो सर्वाधिक तापमान फलोदी और बीकानेर में 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभिन्न जिलों और स्टेशनों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:

फलोदी में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा. बीकानेर में भी पारा 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बाड़मेर और चूरू में तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा. जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. श्रीगंगानगर में पारा 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा. जैसलमेर में तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

नागौर, झुंझुनूं और जालोर में अधिकतम तापमान 34.2 से 34.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. फतेहपुर में 34.0 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 32.8 डिग्री सेल्सियस और सीकर में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. जवाई डैम (पाली) में पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा अजमेर और करौली में 31.4 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 28.2 डिग्री सेल्सियस, उदयपुर के डबोक में 26.9 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 26.6 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 26.5 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 24.6 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू में 23.9 डिग्री सेल्सियस, प्रतापगढ़ में 23.5 डिग्री सेल्सियस तथा डूंगरपुर में 23.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.