Rajasthan Weather Alert: चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म, जयपुर-कोटा में भी छूटे पसीने; 21 मई को इन 14 जिलों में चलेगी भयंकर लू

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां चित्तौड़गढ़ में तापमान सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 21 मई को भी राज्य में मौसम शुष्क रहने और कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी के साथ भयंकर लू (हीटवेव) चलने का अलर्ट जारी कर लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है.

rajasthan weather
rajasthan weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में गर्मी ने मई महीने में ही लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं. प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत के आसार नहीं जताए हैं. 21 मई को भी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने वाला है. खासतौर पर पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में तेज गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक कई इलाकों में धूलभरी तेज हवाएं भी चल सकती हैं.  

Read more!

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, बीते 24 घंटों में राजस्थान का सबसे गर्म जिला चित्तौड़गढ़ रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.  

21 मई को कैसा रहेगा मौसम

21 मई को जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 43.2 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि रात का तापमान 31 डिग्री के आसपास रह सकता है. अलवर में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच चुका है और यहां हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. श्रीगंगानगर में तापमान 45.9 डिग्री, पिलानी में 45.3 डिग्री, बांसवाड़ा में करीब 45 डिग्री और कोटा में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. चूरू और दौसा में भी तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है.  

जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री, बीकानेर में 43.8 डिग्री और बाड़मेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अजमेर में 41.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 42.1 डिग्री और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है. माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. 

बारिश की कोई संभावना नहीं!

मौसम विभाग ने साफ किया है कि 21 मई को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि कई जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा. अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा और डीग में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और फलौदी में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा.  

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में गर्मी का यही तेवर बना रह सकता है. कई इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. 

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर कम निकलने की सलाह दी है. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, ओआरएस, लस्सी और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थ लेने की सलाह दी गई है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. 
 

    follow google news