Rajasthan Weather 25 March: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने को तैयार है. पिछले कुछ दिनों से जारी बादलों की आवाजाही के बीच अब प्रदेश में एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विभाग और ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च 2026 को राजस्थान के कई हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा, वहीं पश्चिमी सीमावर्ती इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं.
ADVERTISEMENT
25 मार्च को कैसा रहेगा प्रदेश का हाल?
25 मार्च को राजस्थान के पश्चिमी सीमावर्ती जिलों, खासकर जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी और बीकानेर संभाग के इलाकों में ऊंचाई वाले बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. एक नए सिस्टम के प्रभाव से जैसलमेर के बॉर्डर वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की 'खंड बारिश' (छिटपुट वर्षा) होने की संभावना है.
हालांकि, राजधानी जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हाड़ौती अंचल (कोटा संभाग) में भी फिलहाल मौसम स्थिर बना रहेगा, पर ठंडी हवाओं के कारण तापमान में मामूली गिरावट महसूस की जा सकती है.
26 मार्च से आएगा बड़ा बदलाव
मौसम के जानकारों की मानें तो असली बदलाव 26 और 27 मार्च को देखने को मिलेगा. एक मजबूत वेदर सिस्टम राजस्थान के बड़े हिस्से को कवर करेगा. इसके असर से पश्चिमी राजस्थान से लेकर पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग तक बादलों की घनी घटाएं छाएंगी और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है.
ये भी पढ़ें: खेतों से ओलंपिक तक का सफर, राजस्थान के जालौर का 'नीरज चोपड़ा' सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
ADVERTISEMENT


