Rajasthan Weather: राजस्थान में मॉनसून की दस्तक! अगले 3-4 दिन झमाझम बारिश का दौर, जानें 28 जून को कैसा रहेगा आपके जिले का मिजाज

जस्थान में मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक जयपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभागों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. 28 जून को कई जिलों में 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. पिछले 24 घंटों में नागौर में सबसे ज्यादा 43 मिमी बारिश हुई है और लू से राहत है.

Rajasthan weather update
Rajasthan weather update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में प्री-मॉनसून और मॉनसून की अनुकूल गतिविधियों के चलते अगले तीन से चार दिनों तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है. अच्छी बात यह है कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में हीट वेव (लू) दर्ज नहीं की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है.

Read more!

28 जून को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

रविवार यानी 28 जून को भी प्रदेश के बड़े हिस्से में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिल सकती है. विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 28 जून को अलवर, भरतपुर, जयपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सीकर, टोंक और श्रीगंगानगर जैसे जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली चमकने (वज्रपात) की आशंका है.

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?

पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर में सबसे ज्यादा 43 मिलीमीटर (4.3 सेमी) बरसात हुई. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान के प्रतापगढ़ के अरनोद में 3 सेमी, चित्तौड़गढ़ में 3 सेमी, उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर 2 सेमी, अजमेर के किशनगढ़ और सरवाड़ में क्रमशः 2 सेमी और 1 सेमी बारिश हुई. जयपुर के विराटनगर और राजसमंद के कुंभलगढ़ में भी 2-2 सेमी पानी बरसा. सवाई माधोपुर के बोनली, बूंदी के हिंडोली, भीलवाड़ा और बांसवाड़ा के लोहारिया व भंगड़ा में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. बीकानेर के कोलायत में 2 सेमी और नोखा में 1 सेमी वर्षा दर्ज हुई.

मॉनसून को लेकर क्या है ताजा अपडेट?

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल सूरत, इंदौर, मांडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है. अगले 3-4 दिनों के भीतर मॉनसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं. इसके प्रभाव से राजस्थान में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.

    follow google news