Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कुदरत का अजीब खेल शुरू हो गया है. एक तरफ बाड़मेर में आसमान से 46 डिग्री की आग बरस रही है तो दूसरी तरफ बादलों ने अपना डेरा डालना शुरू कर दिया है. क्या 29 अप्रैल को मिलने वाली है झुलसाती गर्मी से राहत? या फिर आंधी-तूफान मचाएगा तबाही? जानिए अगले 24 घंटों में आपके जिले में मौसम कैसा पलटी मारने वाला है.
ADVERTISEMENT
29 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?ो
मौसम विभाग और ताजा सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक 29 अप्रैल को राजस्थान के बड़े हिस्से में बादलों की आवाजाही रहेगी. दोपहर के बाद राज्य के अधिकांश संभागों में मौसम छायादार रहने का अनुमान है. वहीं शाम होते-होते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बिजली की चमक और गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, यह बारिश बहुत ज्यादा नहीं होकर छिटपुट हो सकती है जिससे तापमान में मामूली गिरावट तो आएगी लेकिन उमस भी बढ़ सकती है.
भीषण गर्मी का टॉर्चर जारी
बारिश की संभावनाओं के बीच गर्मी का कहर कम नहीं हुआ है. बीते 24 घंटों में बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा. इसके अलावा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा और जयपुर संभाग में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है. लू के थपेड़ों ने दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिया है.
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों जैसे नागौर, फलौदी और झुंझुनू में मेघ गर्जन के साथ छींटे पड़ सकते हैं. जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के उत्तरी हिस्सों में भी धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. शेखावाटी क्षेत्र और हरियाणा से सटे जिलों में भी मौसम सुहावना बना रह सकता है.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
खेती-किसानी की बात करें तो जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश इतनी अधिक नहीं होगी कि खेतों की तैयारी के लिए पर्याप्त हो. इसलिए किसान भाई बारिश के भरोसे न रहकर अपने नियमित कृषि कार्य जारी रखें. मई के पहले सप्ताह से कपास की बुवाई का काम शुरू किया जा सकता है.
IMD के मुताबिक 29 अप्रैल को राजस्थान में धूप और छांव का खेल चलेगा. कहीं राहत की बूंदें गिरेंगी तो कहीं लू का सितम जारी रहेगा. 1 मई को एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


