Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. इसका असर यह होगा कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट बनी रहेगी और लोगों को हीटवेव से राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कोटा जिले के सांगोद में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि बारां, बूंदी, डूंगरपुर और करौली समेत कई जिलों में भी वर्षा हुई. पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर और पूगल क्षेत्र में भी बारिश दर्ज की गई.
5 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 5 जून को जयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जिलों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. वहीं अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, कोटा, झालावाड़ और बारां में भी आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.
हीटवेव से राहत, 43 डिग्री से नीचे रहेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश की वजह से अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है. यही कारण है कि फिलहाल प्रदेश में हीटवेव का खतरा नहीं है और 5 जून के लिए किसी भी जिले में लू की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
4 जून सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद बीकानेर में 43.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 43.3 डिग्री, फलोदी में 42.8 डिग्री, बाड़मेर और जोधपुर शहर में 42-42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
चूरू में 41.7 डिग्री, पाली में 41.4 डिग्री, पिलानी में 41.2 डिग्री और फतेहपुर में 41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं कोटा में 40.6 डिग्री, जयपुर में 39.5 डिग्री, अजमेर में 39 डिग्री और अलवर में 38.2 डिग्री तापमान रहा.
जयपुर समेत इन शहरों का तापमान
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा. अजमेर में 39 डिग्री, सीकर में 40 डिग्री, कोटा में 40.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 40.2 डिग्री और भीलवाड़ा में 38.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. उदयपुर के डबोक में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और डूंगरपुर में 37.6 डिग्री दर्ज हुआ.
ADVERTISEMENT


