राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से आंधी और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन यह राहत अब ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली. मौसम विभाग के अनुसार 8 जून से राज्य में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में एक बार फिर तेज गर्मी और हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है.
ADVERTISEMENT
मौसम केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से पिछले दिनों आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं. हालांकि 8 जून से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, खासकर भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या मेघगर्जन की संभावना बनी रहेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
8 जून को पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर फिर तेज होने लगेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि 8 से 11 जून के दौरान सीमावर्ती जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बीकानेर, श्रीगंगानगर और आसपास के क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है.
तापमान की बात करें तो 8 जून को जैसलमेर, फलोदी, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिले सबसे गर्म रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बाड़मेर में तापमान 43 से 45 डिग्री, जोधपुर और चूरू में 42 से 44 डिग्री तथा नागौर में 41 से 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
राजधानी जयपुर में 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान रहने की संभावना है. अजमेर, सीकर, अलवर, झुंझुनूं और भरतपुर में पारा 38 से 41 डिग्री के बीच रह सकता है. कोटा में 39 से 41 डिग्री, जबकि उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार 8 जून को भरतपुर, धौलपुर, डीग, करौली और अलवर सहित पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. वहीं राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और धूप का असर बढ़ेगा.
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई. झालावाड़ जिले के दुग क्षेत्र में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि बीकानेर जिले के दुर्गासर में भी 14 मिमी बारिश हुई. इस दौरान राज्य में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है. किसानों को भी फसलों और पशुओं को गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


