Rajasthan Weather: राजस्थान में फरवरी के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत नहीं हैं. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी 27 फरवरी 2026 की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. कहीं भी बारिश या चेतावनी की स्थिति नहीं है.
ADVERTISEMENT
बाड़मेर सबसे गर्म, अलवर सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा. वर्षा कहीं दर्ज नहीं की गई. सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 4.9 डिग्री अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अलवर में 10.2 डिग्री दर्ज किया गया.
28 फरवरी का पूर्वानुमान: कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 28 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. अगले चार से पांच दिन तक भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री तक ऊपर बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है.
हालांकि पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के आसपास ऊपरी हवा में एक कमजोर परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, लेकिन इसका असर बड़े स्तर पर दिखाई नहीं देगा. 2 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका सीमित प्रभाव उत्तरी-पूर्वी राजस्थान पर पड़ सकता है.
प्रमुख शहरों का तापमान
- राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री दर्ज किया गया.
- अजमेर में दिन का तापमान 32.7 डिग्री और रात का 17.8 डिग्री रहा.
- कोटा में अधिकतम 33.3 और न्यूनतम 18.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
- चित्तौड़गढ़ में पारा 34.6 डिग्री तक पहुंचा, जबकि न्यूनतम 19.4 डिग्री रहा.
- उदयपुर (डबोक) में अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम 16.8 डिग्री दर्ज हुआ.
पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो..
- जैसलमेर में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 18.4 डिग्री रहा.
- जोधपुर शहर में दिन का तापमान 34.7 और रात का 18.4 डिग्री दर्ज हुआ.
- फलोदी में अधिकतम 35.0 और न्यूनतम 22.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
- बीकानेर में पारा 34.3 डिग्री तक पहुंचा, जबकि न्यूनतम 18.5 डिग्री रहा.
- श्रीगंगानगर में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 14.9 डिग्री दर्ज हुआ.
किसी भी जिले में चेतावनी नहीं
मौसम विभाग की चेतावनी सूची के अनुसार 28 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले में कोई अलर्ट, वॉच या चेतावनी जारी नहीं की गई है. पूरे राज्य में नो वार्निंग की स्थिति है.
ADVERTISEMENT

